अपर मुख्य सचिव श्री शिव शेखर शुक्ला ने सिवनी मालवा अनुभाग का किया भ्रमण
निर्माण कार्यों, नर्मदा परिक्रमा पथ की व्यवस्थाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की ली जानकारी
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत अपर मुख्य सचिव, सामान्य प्रशासन एवं संस्कृति विभाग, मध्यप्रदेश शासन श्री शिव शेखर शुक्ला ने शनिवार को सिवनी मालवा अनुभाग का विस्तृत भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने संस्कृति विभाग के निर्माणाधीन प्रोजेक्ट्स, नर्मदा परिक्रमा पथ की व्यवस्थाओं, जनसेवा केंद्रों तथा प्रशासनिक गतिविधियों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अपर मुख्य सचिव श्री शुक्ला ने आंवली घाट में संस्कृति विभाग द्वारा नर्मदा परिक्रमा पथवासियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए निर्माणाधीन सर्वसुविधायुक्त आश्रय स्थल भवन का स्थलीय एवं तकनीकी निरीक्षण किया। उन्होंने भवन की संरचना तथा निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता का जायजा लिया।
उन्होंने संबंधित निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता पाए जाने पर संबंधित की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने एसडीएम सिवनी मालवा को भी समय-समय पर निर्माण कार्य का निरीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
श्री शुक्ला ने आंवली घाट स्थित स्थानीय धूनी वाले बाबा आश्रम का भ्रमण कर नर्मदा परिक्रमा पथवासियों के ठहरने, भोजन तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि नर्मदा परिक्रमा पथ पर श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए राजस्व एवं स्थानीय पंचायत अमला आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत अपर मुख्य सचिव ने सिवनी मालवा अनुभाग में सीएम हेल्पलाइन (181) की शिकायतों की समीक्षा की। अगस्त 2026 के आंकड़ों के अनुसार तहसील सिवनी मालवा में राजस्व विभाग से संबंधित कुल 169 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इनमें चालू माह की 89 शिकायतें तथा 50 दिवस से अधिक अवधि से लंबित 165 शिकायतें सहित कुल 254 शिकायतें लंबित पाई गईं।
अपर मुख्य सचिव ने 50 दिवस से अधिक लंबित 165 प्रकरणों सहित कुल 254 लंबित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान की मूल भावना के अनुरूप प्रत्येक शिकायतकर्ता से व्यक्तिगत संपर्क स्थापित किया जाए और शिकायतों का समय-सीमा में शत-प्रतिशत एवं संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अनुभाग के विभिन्न विभागों की लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की भी समीक्षा कर सभी शिकायतों के शत-प्रतिशत निराकरण के निर्देश दिए।
अपर मुख्य सचिव ने लोक सेवा गारंटी केंद्र एवं ई-गवर्नेंस सेवाओं की भी समीक्षा की। समीक्षा के दौरान पाया गया कि अनुभाग सिवनी मालवा में लोक सेवा केंद्रों के माध्यम से प्राप्त किसी भी आवेदन का निराकरण निर्धारित समय-सीमा के बाहर नहीं है। सभी आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण किया जा रहा है। इस स्थिति पर अपर मुख्य सचिव ने संतोष व्यक्त किया। भ्रमण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सिवनी मालवा श्री विजय राय, राजस्व विभाग की टीम, संस्कृति विभाग एवं संबंधित निर्माण एजेंसियों के अधिकारी तथा तकनीकी अमला उपस्थित रहा।
#narmadapuram CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh General Administration Department, MP Department Of Revenue, Madhya Pradesh