ADM पति और सब-रजिस्ट्रार पत्नी, आय से अधिक संपत्ति मामले में पटना ADM के घर विजिलेंस की रेड - बिस्तरों से निकला नोटों का ढेर और भारी मात्रा में सोना बरामद।
आय से अधिक संपत्ति मामले में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने पटना में पदस्थापित एडीएम आपूर्ति रविंद्र कुमार दिवाकर के ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की है। निगरानी डीएसपी वासुदेव राय के नेतृत्व में 6 सदस्यीय टीम ने बेगूसराय के पोखरिया स्थित उनके पैतृक आवास पर छापेमारी की।
*अब तक क्या बरामद:*
निगरानी टीम को छापेमारी के दौरान 9 लाख रुपये से अधिक कैश और भारी मात्रा में सोने के जेवरात मिले हैं। सूत्रों के अनुसार पटना और बेगूसराय दोनों जगहों को मिलाकर अब तक 1 करोड़ से ज्यादा कैश, करोड़ों के जेवरात और बेशकीमती घड़ियां बरामद हुई हैं। टीम अभी कैश और जेवरात का मिलान कर रही है।
*एक साथ तीन जगह छापा:*
पटना निगरानी थाना में केस नंबर 113/26 दर्ज होने के बाद न्यायालय से सर्च वारंट लेकर यह कार्रवाई की गई है। बेगूसराय शहर के वार्ड नंबर-37 पोखरिया मोहल्ला स्थित पैतृक आवास के अलावा पटना स्थित उनके दफ्तर और सरकारी आवास पर भी एक साथ तलाशी चल रही है।
*पत्नी भी बड़े पद पर:*
बताया जा रहा है कि एडीएम रविंद्र कुमार दिवाकर की पत्नी दानापुर में सब-रजिस्ट्रार के पद पर कार्यरत हैं।
*डीएसपी का बयान:*
डीएसपी निगरानी वासुदेव राय ने बताया - "रविंद्र कुमार दिवाकर एडीएम आपूर्ति, पटना हैं। इनके विरुद्ध निगरानी थाना में केस नंबर 113/26 आय से अधिक संपत्ति का कांड दर्ज हुआ है। माननीय न्यायालय के आदेश पर वारंट के तहत तलाशी ली गई है। तलाशी में 9 लाख से ऊपर नकद और काफी मात्रा में सोने के जेवरात मिले हैं। बेगूसराय के अलावा पटना में भी कार्रवाई जारी है।"
निगरानी विभाग की कार्रवाई अभी जारी है।
#BiharNews #VigilanceRaid #Begusarai #PatnaADM #DisproportionateAssets #Bharatcrimelivenews