कोटा में हिंदू शिवसेना की मांग: मंदिरों के बाहर मांस की दुकानें हटाई जाएं, 15 दिन का अल्टीमेटम
कोटा। हिंदू शिवसेना के प्रमुख बजरंग लाल सोलंकी के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मंगलवार को कोटा कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया और प्रशासन के समक्ष अपनी मांगें रखीं।
हिंदू शिवसेना ने एडीएम सिटी को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि शहर के मंदिरों के आसपास संचालित मांस की दुकानों को बंद कराया जाए। संगठन का कहना है कि धार्मिक स्थलों के निकट इस प्रकार की दुकानों का संचालन श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत करता है।
ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि 15 दिनों के भीतर प्रशासन द्वारा कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन उग्र आंदोलन शुरू करेगा। साथ ही कहा गया कि इसके बाद शिवसेना कार्यकर्ता स्वयं मांस की दुकानों को हटाने का प्रयास करेंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
संगठन ने प्रशासन से धार्मिक स्थलों की गरिमा बनाए रखने और जनभावनाओं का सम्मान करते हुए शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है।
Ladpura, Kota | Jun 2, 2026