*ठैला स्कूल में नशा निवारण एवं एंटी चिट्ठा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित*
उपमंडल सुन्नी के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ठैला में आज नशा निवारण एवं एंटी चिट्ठा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता उपमंडल दण्डाधिकारी सुन्नी राजेश वर्मा द्वारा की गई। उल्लेखनीय है कि ठैला विद्यालय को स्कूल एडॉप्शन प्रोग्राम के तहत उपमंडलाधिकारी नागरिक द्वारा गोद लिया गया है। इसके अंतर्गत उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं बच्चों की समस्याओं तथा उनकी आवश्यकताओं के बारे में भी जाना। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बच्चों को नशे से दूर रखने में अभिभावकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसके लिए अभिभावकों को बच्चों की गतिविधियों, व्यवहार और संगति पर नियमित नजर रखनी चाहिए, ताकि समय रहते उनकी किसी भी गलत प्रवृत्ति की पहचान कर उन्हें नशे की गिरफ्त में आने से रोका जा सके। उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा अपने सहपाठियों को भी नशे से दूर रखने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर स्कूली विद्यार्थियों द्वारा नशा निवारण पर भाषण प्रस्तुति, नारा लेखन इत्यादि प्रतियोगिताएं आयोजित करवाई गई जिसके लिए उपमंडल दण्डाधिकारी द्वारा बच्चों को पुरस्कार भी दिए गए। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा विभिन्न प्रकार के नशे जैसे तंबाकू, चिट्टा इत्यादि से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में प्रेजेंटेशन के माध्यम बताया गया और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा बच्चों की निशुल्क स्वास्थ्य जांच भी की गई। कार्यक्रम के दौरान अग्निशमन विभाग द्वारा एक मॉक ड्रिल का आयोजन भी किया गया जिसमें आग लगने के विभिन्न कारणों के बारे में बताया गया तथा उससे बचाव तथा रोकथाम के बारे में भी बताया गया। इसके अतिरिक्त आग लगने की स्थिति में टोल फ्री नंबर पर कॉल करने के बारे में भी जानकारी दी गई। इस अवसर पर खंड चिकित्सा अधिकारी महेश जैसवाल, प्रधानाचार्य राजकीय वरिष्ट माध्यमिक पाठशाला ठैला राजेश शर्मा, स्थानीय पंचायत प्रधान धनवंत शर्मा, पंचायत समिति सदस्य राकेश शर्मा, प्रभारी अग्निशमन चौकी सुन्नी परसराम, एसएमसी के सदस्य भी उपस्थित रहे। -०-