जनसुनवाई में कलेक्टर अर्पित वर्मा ने किया समस्याओं का त्वरित निराकरण, जरूरतमंदों को दी आर्थिक मदद
शिवपुरी– कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा की अध्यक्षता में कलेक्टरेट सभागार में साप्ताहिक जनसुनवाई आयोजित की गई। इसमें जिले भर से आए सैकड़ों आवेदकों की समस्याएं सुनी गईं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मामलों में रेडक्रॉस कोष से मौके पर ही आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई।
जनसुनवाई में 70 वर्षीय साबाबाई जाटव को 5,000 रुपए की सहायता दी गई। साथ ही ग्राम उमरीकलां के समरथ लोधी को बेटी के इलाज के लिए 10,000 रुपए और शिव कॉलोनी के धर्मेंद्र राठौर को पुत्रियों के उपचार हेतु 15,000 रुपए का चेक प्रदान किया गया। वहीं पिछोर के हीरापुर निवासी कमलेश लोधी की शिकायत पर लाड़ली लक्ष्मी योजना की रुकी हुई 6,000 रुपए की छात्रवृत्ति तुरंत पोर्टल से ट्रांसफर कराई गई। कलेक्टर की इस त्वरित कार्रवाई से आवेदकों को तुरंत राहत मिली।