वाणासुर मत्स्य बीज प्रक्षेत्र में बनेगा समेकित एक्वा पार्क, जिला पदाधिकारी ने किया स्थल निरीक्षण
आज दिनांक 08 जून 2026 को जिला पदाधिकारी भोजपुर, श्री तनय सुल्तानिया द्वारा वाणासुर मत्स्य बीज प्रक्षेत्र, कारीसाथ, प्रखंड उदवंतनगर का स्थल निरीक्षण किया गया। इस प्रक्षेत्र पर डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग, बिहार, पटना द्वारा प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत समेकित एक्वा पार्क का निर्माण कराया जाना है। इस योजना को भारत सरकार के मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय से प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है।
पूर्व में जिला प्रशासन के सहयोग से इस प्रक्षेत्र का सीमांकन कार्य संपन्न कराया जा चुका है। समेकित एक्वा पार्क के अंतर्गत 32 एकड़ क्षेत्रफल में कुल 3120.92 लाख रुपये की लागत से 17 विभिन्न अवयवों का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना के प्रमुख अवयवों में कार्प हैचरी, आर०ए०एस० फिश फीड मिल, जल गुणवत्ता जांच प्रयोगशाला, मछलियों की स्वास्थ्य जांच प्रयोगशाला एवं प्रशासनिक भवन आदि शामिल हैं।
यह एक राष्ट्रीय स्तर का संस्थान होगा, जिसके विकसित होने से राज्य में जलकृषि पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा यह केंद्र आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
जिला मत्स्य पदाधिकारी, भोजपुर द्वारा प्रस्तावित समेकित एक्वा पार्क के निर्माण से संबंधित आवश्यक तैयारियों की जानकारी जिला पदाधिकारी को दी गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में उप विकास आयुक्त भोजपुर, अपर समाहर्ता भोजपुर, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, उदवंतनगर सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Arrah, Bhojpur | Jun 8, 2026