*जिला पदाधिकारी एवं जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने जनता दरबार में सुनी आमजनों की समस्याएँ, कुल 23 शिकायतों पर हुई सुनवाई, जिला पदाधिकारी ने समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन का दिया निर्देश*
विभागीय निर्देशानुसार प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को आयोजित होने वाले जनता दरबार के क्रम में आज दिनांक 13 जुलाई, 2026 को समाहरणालय परिसर स्थित ग्राम प्लेक्स में जिला पदाधिकारी, जहानाबाद श्रीमती छिरिड• वाई भूटिया तथा अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारियों द्वारा आमजनों की समस्याओं की सुनवाई की गई। आज के जनता दरबार में कुल 23 शिकायतें/आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर गंभीरतापूर्वक सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को नियमानुसार त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। आज के जनता दरबार में परिमार्जन, जमाबंदी, सेवांत लाभ (शिक्षा कार्यालय ), सामाजिक सुरक्षा पेंशन, स्वास्थ्य जाँच हेतु आर्थिक सहायता, अतिक्रमण, लगानबंदी, भूमि मुआवजा संबंधी मामले, आशा कार्यकर्त्ता के चयन से संबंधित, मनरेगा, जन वितरण प्रणाली के तहत चयन प्रक्रिया से संबंधित एवं अन्य विविध जन शिकायतों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।
जिला पदाधिकारी ने स्वास्थ्य सुविधा, सेवांत लाभ (शिक्षा कार्यालय ), भूमि, अतिक्रमण, जमाबंदी, परिमार्जन एवं मुआवजा से संबंधित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित अंचल पदाधिकारियों एवं जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को दिया।
जिला पदाधिकारी द्वारा सिविल सर्जन को आशा कार्यकर्त्ता के चयन प्रक्रिया मे पारदर्शिता लाने का निदेश, सामाजिक सुरक्षा पेंशन के त्वरित भुगतान हेतु सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग को, जन वितरण प्रणाली के अनुज्ञप्ति प्रक्रिया मे तेजी लाने का निदेश जिला आपूर्ति पदाधिकारी को तथा अन्य विकासात्मक योजनाओं से संबंधित मामलों में संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक जांच कर शीघ्र कार्रवाई कर निष्पादित करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि जनता दरबार का उद्देश्य आमजनों की समस्याओं का संवेदनशील, पारदर्शी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का सबका सम्मान जीवन आसान के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन करना सुनिश्चित किया जाए।
#जिला_प्रशासन_जहानाबाद
#IPRDBihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
1 views | Jehanabad, Bihar | Jul 13, 2026