विशेष पुनरीक्षण अभियान में मतदाता सूची सुधार पर जोर, नगर भवन पहुंचे डीसी।
गिरिडीह। मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत बुधवार को नगर भवन में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बूथ संख्या 81 से 100, 196 से 203 एवं 217 से 219 तक के मतदाताओं से संबंधित कार्य किए गए।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री रामनिवास यादव ने नगर भवन पहुंचकर शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न काउंटरों पर चल रहे कार्यों की जानकारी ली और कई आवेदनों का स्वयं भौतिक सत्यापन भी किया।
उपायुक्त ने संबंधित बीएलओ, बीएलओ पर्यवेक्षक एवं कम्प्यूटर ऑपरेटर को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार एवं निष्पक्ष तरीके से सत्यापन करते हुए निर्धारित प्रक्रिया के तहत त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। साथ ही मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन एवं सुधार का कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए।
शिविर के माध्यम से मतदाताओं को मतदाता सूची से संबंधित आवश्यक सुधार, नाम जोड़ने एवं अन्य प्रक्रियाओं को लेकर सुविधा प्रदान की गई। जिला प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों से इस विशेष अभियान का लाभ उठाते हुए मतदाता सूची में अपने विवरण की जांच करने की अपील की।