ब्रेकिंग न्यूज़ | रामनगर में दहेज हत्या के मामले में बड़ी कार्रवाई, पति समेत चार आरोपी गिरफ्तार
रिपोर्टर अरबाज़ खान
स्थान रामनगर उत्तराखंड
रामनगर, नैनीताल। उत्तराखंड के रामनगर में नवविवाहिता कोहिनूर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दहेज उत्पीड़न और हत्या के आरोपों के तहत पुलिस ने मृतका के पति, सास, जेठ और ननद को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, कोहिनूर का निकाह 16 मई 2026 को रामनगर के खताड़ी क्षेत्र निवासी उवेश से हुआ था। आरोप है कि शादी में सामर्थ्य के अनुसार दहेज देने के बावजूद ससुराल पक्ष की ओर से बुलेट मोटरसाइकिल और पांच लाख रुपये नकद की मांग की जा रही थी।
तहरीर के अनुसार, 16 अक्टूबर 2026 को कोहिनूर को कमरे में बंद कर उसके साथ मारपीट की गई और गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद मामले को आत्महत्या का रूप देने और मृतका को फंदे से लटकाने का प्रयास किए जाने की बात भी पुलिस दस्तावेज में सामने आई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस ने कार्रवाई की। रामनगर कोतवाली में एफआईआर संख्या 339/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 80(2) में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी रामनगर द्वारा की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में मृतका का पति उवेश, सास नसीरीन, जेठ अनस और ननद शबा शामिल हैं। पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों और घटनाक्रम की जांच कर रही है तथा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
रामनगर में नवविवाहिता की मौत के इस मामले ने एक बार फिर दहेज उत्पीड़न जैसे गंभीर सामाजिक मुद्दे को सामने ला दिया है। अब मामले की जांच में सामने आने वाले तथ्यों पर सभी की नजरें टिकी हैं।
#BreakingNews #RamnagarNews #NainitalNews #UttarakhandNews #दहेजहत्या #कोहिनूरमामला #RamnagarPolice #CrimeNews #UttarakhandPolice #खबरपह