राजस्थान में पंचायत और स्थानीय निकाय चुनाव का रास्ता साफ, हाईकोर्ट ने चुनाव कार्यक्रम को दी मंजूरी
जयपुर। राजस्थान में लंबे समय से लंबित स्थानीय निकाय और पंचायत चुनावों का रास्ता अब साफ हो गया है। भजनलाल सरकार ने सोमवार को राजस्थान हाईकोर्ट में स्थानीय निकाय और पंचायत चुनाव का विस्तृत कार्यक्रम पेश किया, जिसे अदालत ने मंजूर करते हुए उसी के अनुरूप चुनाव कराने के निर्देश जारी किए।
हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार राज्य में पहले स्थानीय निकाय चुनाव कराए जाएंगे, इसके बाद पंचायत चुनाव संपन्न होंगे।
सरकार द्वारा पेश कार्यक्रम के मुताबिक 17 अगस्त को स्थानीय निकाय चुनाव का कार्यक्रम जारी किया जाएगा, जबकि 22 अगस्त को चुनाव की अधिसूचना जारी होगी।
इसके बाद 23 सितंबर को पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी की जाएगी। राज्य सरकार ने अदालत को बताया कि 15 नवंबर तक पंचायत चुनाव सहित पूरी चुनाव प्रक्रिया संपन्न कर ली जाएगी।
इससे पहले चुनाव में ओबीसी राजनीतिक आरक्षण की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी। सरकार के अनुसार ओबीसी आयोग 5 अगस्त तक अपनी अंतिम राजनीतिक आरक्षण रिपोर्ट सौंप देगा। इसके बाद राज्य सरकार 15 अगस्त तक आरक्षण की लॉटरी प्रक्रिया पूरी करेगी।
हाईकोर्ट की मंजूरी के बाद अब राज्य में स्थानीय निकाय और पंचायत चुनाव की तैयारियां तेज होने की उम्मीद है।
Tonk, Tonk | Jul 20, 2026