बेल्थरा रोड के लाल अमृतेश ने बढ़ाया जिले का मान, पांडुचेरी प्रीमियर लीग में चयन पर सेंट जेवियर्स स्कूल में हुआ भव्य सम्मान
बेल्थरा रोड। सेंट जेवियर्स स्कूल, बेल्थरा रोड के पूर्व छात्र अमृतेश के पांडुचेरी प्रीमियर लीग (PPL) में चयनित होने पर गुरुवार को विद्यालय परिसर में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। क्रिकेट के क्षेत्र में मिली इस बड़ी उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने अमृतेश और उनकी माता का अंगवस्त्र, स्मृति-चिह्न एवं पुष्पमाला भेंट कर सम्मान किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उनका जोरदार स्वागत किया।
समारोह में विद्यालय के निदेशक डॉ. जे.आर. मिश्र ने कहा कि अमृतेश की सफलता उनकी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय के सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है और सेंट जेवियर्स स्कूल शिक्षा के साथ-साथ खेल प्रतिभाओं को भी निरंतर प्रोत्साहित करता है।
प्राचार्या श्रीमती शीला मिश्रा ने कहा कि अमृतेश ने विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है और उन्हें विश्वास है कि वह भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएंगे।
अपने संबोधन में अमृतेश ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय के शिक्षकों, अभिभावकों और साथियों को देते हुए कहा कि विद्यालय से मिले अनुशासन और मार्गदर्शन ने उनके क्रिकेट सफर को नई दिशा दी। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने अमृतेश के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। पूरे समारोह में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला।
#BeltharaRoad #StXaviersSchool
#Amritesh
#PondicherryPremierLeague
#BalliaNews