गाजीपुर में MLC चुनाव को लेकर प्रशासन ने मतदान के लिए तैयारियां तेज कर दी गई है। दरअसल 23 अक्टूबर को होने वाले स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद सदस्य यानी MLC चुनाव को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए आज आरटीआई सभागार में पीठासीन अधिकारियों और प्रथम मतदान अधिकारियों यानी P-1 को प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने चुनावी तैयारियों की जानकारी देते हुए अधिकारियों को प्रशिक्षण गंभीरता से लेने पर जोर दिया। डीएम अनुपम शुक्ला ने बताया कि 14 अक्टूबर को पीठासीन अधिकारियों और P-1 की ट्रेनिंग कराई गई है। इसके बाद रैंडमाइजेशन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी और 17 अक्टूबर को मतदान से जुड़ी पूरी पोलिंग पार्टी को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें P-1, P-2 और P-3 सहित सभी संबंधित मतदान अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि चुनाव से पहले अधिकारियों को बेहतर प्रशिक्षण देने का मुख्य उद्देश्य मतदान के दिन किसी भी तरह की असमंजस की स्थिति से बचना और पूरी प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराना है। प्रशासन का प्रयास है कि मतदान के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था या कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न न हो। वहीं, चुनाव में गड़बड़ी की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। डीएम ने बताया कि पूर्व के चुनावों में गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल रहे तत्वों को चिह्नित किया गया है। ऐसे लोगों के खिलाफ नियमानुसार निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी, ताकि चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था बनी रहे।
बाइट- अनुपम शुक्ला- डीएम गाजीपुर