🔳स्काउट्स एवं गाइड्स ने मनाया विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस
🔳चित्रकला प्रतियोगिता, 60 सेकंड की वार्ता और शपथ के माध्यम से 150 विद्यार्थियों को किया जागरूक
🔳कटनी - विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ कटनी द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स मध्यप्रदेश राज्य मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार कलेक्टर श्री आशीष तिवारी एवं जिला शिक्षा अधिकारी तथा पदेन जिला कमिश्नर (स्काउट) श्री सच्चिदानंद पांडे के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में 150 विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
भारत स्काउट्स एवं गाइड्स राष्ट्रीय मुख्यालय तथा यूनिसेफ मध्यप्रदेश की संयुक्त पहल प्रोजेक्ट यूथ फॉर चेंज के अंतर्गत बार्ड्सले हिंदी माध्यम सीनियर सेकेंडरी स्कूल एवं सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, झिंझरी में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता, मानसिक स्वास्थ्य विषय पर 60 सेकंड की वार्ता और जागरूकता शपथ का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने चित्रों एवं अपने विचारों के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, सकारात्मक सोच अपनाने, एक-दूसरे की भावनाओं को समझने तथा जरूरतमंदों को सहयोग देने का संकल्प लिया। उन्हें बताया गया कि मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य के समान महत्वपूर्ण है। अपनी भावनाओं को खुलकर साझा करना, दूसरों की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनना और जरूरत के समय सहयोग देना स्वस्थ एवं सकारात्मक समाज के निर्माण के लिए आवश्यक है।
इस अवसर पर सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य श्री अजय शंकर पांडेय, राज्य सहायक संगठन आयुक्त श्री ललित कुमार मिश्रा एवं गाइड कैप्टन श्रीमती अर्चना मैथ्यूज उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन जिला कोऑर्डिनेटर श्रीमती रिया कनौजिया ने किया।
भारत स्काउट्स एवं गाइड्स तथा यूनिसेफ मध्यप्रदेश की इस पहल का उद्देश्य युवाओं में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, संवेदनशीलता और सहयोग की भावना विकसित करना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से संदेश दिया गया कि मन की बात साझा करें, एक-दूसरे को समझें और मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता दें।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी