बख्तियारपुर। पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले के संकराइल थाना क्षेत्र में ज्वेलरी दुकान से करीब 70 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लूटने का मामला अब बिहार तक पहुंच गया है। बिहार एसटीएफ, पश्चिम बंगाल पुलिस और अथमलगोला थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बख्तियारपुर के एक निजी होटल से सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, अथमलगोला के दक्षिणीचक गांव स्थित एक आरोपी के पैतृक घर से करीब 70 लाख रुपये मूल्य के लूटे गए आभूषण और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरिंदम मजूमदार, नीरज कुमार कुशवाहा, अजीत पासवान, आशुतोष मिश्रा, नुरुल हक, भास्कर सिंह और अभिषेक पांडे के रूप में हुई है। इनमें अजीत पासवान अथमलगोला थाना क्षेत्र के दक्षिणीचक गांव का रहने वाला बताया गया है।
जन्मदिन की पार्टी की आड़ में छिपे थे आरोपी...
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दिवाली से पहले सभी आरोपी पटना-मोकामा फोरलेन के समीप बख्तियारपुर के एक निजी होटल में ठहरे हुए थे। अपनी गतिविधियों को छिपाने के लिए होटल में जन्मदिन की पार्टी भी आयोजित की गई थी। इसी बीच बिहार एसटीएफ को गिरोह की गतिविधियों की सूचना मिली। दिवाली की रात एसटीएफ ने पश्चिम बंगाल पुलिस और स्थानीय पुलिस के साथ होटल में छापेमारी कर सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
इसके बाद सभी को बख्तियारपुर थाना लाया गया, जहां कोलकाता पुलिस के एसआई इंद्रजीत दास के नेतृत्व में पूछताछ की गई।
अथमलगोला में छापेमारी, 70 लाख के जेवर बरामद
पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर अथमलगोला थानाध्यक्ष राहुल कुमार नवनीत के नेतृत्व में दक्षिणीचक गांव निवासी अजीत पासवान के पिता सरीफ पासवान के घर छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान पुलिस ने 429 ग्राम सोने के आभूषण, जिसकी अनुमानित कीमत 61 लाख रुपये, 4 किलो 264 ग्राम चांदी के आभूषण, जिसकी कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई गई है, एक देसी पिस्तौल, लैपटॉप, मोबाइल और तराजू बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, पश्चिम बंगाल का एक शातिर अपराधी अजीत पासवान के संपर्क में आया था। लूटे गए आभूषणों को बिहार के बाजारों में खपाने और सुरक्षित ठिकानों पर छिपाने की योजना बनाई गई थी।
संकराइल थाना कांड संख्या 962/26, दिनांक 5 नवंबर 2026 के तहत बीएनएस की धारा 309(6) और 311 में मामला दर्ज है। बाढ़ न्यायालय के आदेश के बाद कोलकाता पुलिस सातों आरोपियों, बरामद आभूषणों और हथियार को लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई एवं पूछताछ के लिए पश्चिम बंगाल रवाना हो गई है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।