#नालंदा पुलिस की बड़ी कामयाबी: करोड़ों की डकैती कांड का खुलासा, चार डकैत गिरफ्तार, 16.43 लाख नकद समेत भारी मात्रा में सोना-चांदी, हथियार और कारतूस बरामद
नालंदा से संवाददाता राकेश कुमार
झारखंड के जामताड़ा से दबोचे गए आरोपी, वैज्ञानिक व तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने की कार्रवाई, फरार अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी।
बिहारशरीफ (नालंदा)। नालंदा पुलिस ने हाल ही में हुई चर्चित करोड़ों रुपये की डकैती कांड का सफल उद्भेदन करते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में चार शातिर डकैतों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर पुलिस ने 16 लाख 43 हजार रुपये नकद, भारी मात्रा में सोने-चांदी, डायमंड और प्लेटिनम के आभूषण, हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार, दीपनगर थाना क्षेत्र के देवीसराय गांव में 3 अगस्त की रात लगभग 10 से 12 की संख्या में हथियारबंद अपराधियों ने एक घर में धावा बोलकर बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। अपराधियों ने घर में मौजूद लोगों को हथियार के बल पर बंधक बनाकर नकदी, सोने-चांदी के जेवरात एवं अन्य कीमती सामान लूट लिया था। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।
पीड़ित परिवार की शिकायत पर दीपनगर थाना में डकैती का मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भारत सोनी के निर्देश पर सदर-1 डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम में तकनीकी शाखा, वैज्ञानिक अनुसंधान टीम तथा स्थानीय पुलिस को शामिल किया गया।
पुलिस ने घटनास्थल से जुटाए गए वैज्ञानिक साक्ष्यों, तकनीकी अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और मानवीय सूचना के आधार पर अपराधियों की पहचान की। इसके बाद विशेष टीम ने झारखंड के जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र स्थित जुम्मन मोड़ के पास छापेमारी कर चार संदिग्धों को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान चारों आरोपियों ने डकैती की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने लूटी गई संपत्ति बरामद कर ली। बरामद सामान में करीब 450 ग्राम सोने के आभूषण, भारी मात्रा में चांदी के जेवर, डायमंड एवं प्लेटिनम के आभूषण, चांदी के हाथी, भगवान लड्डू गोपाल की चांदी की मूर्ति, 16 लाख 43 हजार रुपये नकद, दो देसी पिस्टल, 16 जिंदा कारतूस तथा दो मोबाइल फोन शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजीत सिंह, संजीव सिंह, बिट्टू कुमार और आदित्य कुमार के रूप में हुई है। सभी आरोपी दीपनगर थाना क्षेत्र के श्यामनगर गांव के निवासी बताए गए हैं। पुलिस इन सभी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों और डकैती में इस्तेमाल किए गए नेटवर्क का भी खुलासा किया जा सके।
पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने प्रेस वार्ता में बताया कि यह डकैती कांड नालंदा पुलिस के लिए बड़ी चुनौती था। विशेष टीम ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई संपत्ति और हथियार बरामद किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस गिरोह के अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एसपी ने कहा कि नालंदा पुलिस अपराध और अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। किसी भी कीमत पर अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
बरामदगी एक नजर में
16 लाख 43 हजार रुपये नकद
लगभग 450 ग्राम सोने के आभूषण
भारी मात्रा में चांदी के जेवर
डायमंड एवं प्लेटिनम के आभूषण
चांदी के हाथी एवं लड्डू गोपाल की मूर्ति,दो देसी पिस्टल,16 जिंदा कारतूस,दो मोबाइल फोन के साथ आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
नालंदा पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने कहां की वैज्ञानिक, तकनीकी एवं मानवीय अनुसंधान के आधार पर विशेष टीम ने इस डकैती कांड का सफल उद्भेदन किया है। चार अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से लूटी गई नकदी, जेवरात, हथियार एवं कारतूस बरामद किए गए हैं। शेष अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।"
Rahui, Nalanda | Aug 6, 2026