दूसरी सोमवारी को लेकर डीएम-एसपी का कांवरिया पथ पर सघन निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर विशेष जोर
बांका। श्रावणी मेला 2026 की दूसरी सोमवारी पर कांवरिया श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल एवं पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने लूल्हा शिवलोक से दुम्मा बॉर्डर तक कांवरिया पथ का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने कांवरिया पथ पर पैदल चलकर श्रद्धालुओं से सीधा संवाद किया और यात्रा के दौरान आने वाली समस्याओं तथा प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का फीडबैक लिया। श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन की व्यवस्थाओं पर संतोष जताया।
डीएम ने कांवरिया पथ पर बने शौचालय, स्नानागार और अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को रोस्टर के अनुसार नियमित साफ-सफाई कराने तथा स्वच्छता में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया।
रंगनियां टेंट सिटी में जीविका दीदी की रसोई का निरीक्षण
डीएम ने रंगनियां टेंट सिटी पहुंचकर श्रद्धालुओं के ठहरने, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई की व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने वहां संचालित जीविका दीदी की रसोई का भी निरीक्षण किया और स्वयं अल्पाहार का सेवन कर भोजन की गुणवत्ता की जांच की, जो संतोषजनक पाई गई।
डीएम ने बताया कि कांवरिया पथ के कई महत्वपूर्ण स्थानों पर जीविका दीदी की रसोई संचालित की जा रही है, जहां श्रद्धालुओं को निर्धारित दर से कम कीमत पर स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण और किफायती भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने डीपीएम, जीविका को इन रसोइयों की जानकारी अधिक से अधिक श्रद्धालुओं तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कराने तथा जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को साइनेज के माध्यम से सुविधाओं की जानकारी देने का निर्देश दिया।
कंट्रोल रूम से निगरानी व्यवस्था का लिया जायजा
इसके बाद डीएम जिलेबिया कंट्रोल रूम पहुंचे और वहां प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों से कांवरिया पथ की स्थिति एवं श्रद्धालुओं की भीड़ की जानकारी ली। उन्होंने निगरानी और समन्वय व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सभी दंडाधिकारियों एवं पदाधिकारियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
एसपी अमितेश कुमार ने कांवरिया पथ पर तैनात पुलिस जवानों से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने जवानों को श्रद्धालुओं के साथ सौम्य एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क रहने का निर्देश दिया।
भैरोपुर टेंट सिटी का भी निरीक्षण
डीएम ने भैरोपुर टेंट सिटी का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर एसपी सख्त
संभावित भीड़ को देखते हुए एसपी ने पुलिस उपाधीक्षक, यातायात को कांवरिया पथ और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वाहनों की पार्किंग निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही कराई जाए, ताकि जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
अबरखा धर्मशाला के पास बनाए गए नए पार्किंग स्थल लोटनिया में वाहनों की पार्किंग सुनिश्चित कराने का भी निर्देश दिया गया। अबरखा टेंट सिटी और धर्मशाला के आसपास भीड़ अधिक रहने की संभावना को देखते हुए एसपी ने निर्धारित पार्किंग स्थलों के अलावा अन्य जगहों पर वाहन खड़ा नहीं होने देने को कहा।
डीएम और एसपी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कांवरिया श्रद्धालुओं की सुगम, सुरक्षित और सुखद यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तत्परता से काम करने का निर्देश दिया।
#Banka #ShravaniMela2026 #KanwariyaPath #BankaPolice #BankaAdministration #AmritMahotsav #Kanwariya #ShravanMela #DumkaBorder #JilaPrashasanBanka
Amarpur, Banka | Aug 9, 2026