कलेक्टर ऋतुराज सिंह निरीक्षण |
देवास जिला अस्पताल में बन रही अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर यूनिट अब जल्द ही मरीजों के लिए राहत की बड़ी उम्मीद बन सकती है। शुक्रवार को कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने निर्माणाधीन यूनिट का निरीक्षण किया और काम की प्रगति का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यूनिट के साथ दोनों ऑपरेशन थिएटरों को भी एक साथ शुरू किया जाए, ताकि गंभीर मरीजों को तुरंत उपचार मिल सके।
कलेक्टर ने बताया कि निर्माण कार्य 90 प्रतिशत से अधिक पूरा हो चुका है और बाकी काम तेज़ी से जारी है। उम्मीद है कि अगले एक से दो महीनों में यह यूनिट पूरी तरह से शुरू हो जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने यूनिट को अस्पताल की लैब से सीधे जोड़ने पर जोर दिया, ताकि जांच रिपोर्ट में देरी न हो। साथ ही छत पर कैंटीन, सीसीटीवी सुरक्षा व्यवस्था और मरीज-परिजन सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए गए।