#कस्तूरबा विद्यालय का डीएम-एसपी ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
#छात्राओं से संवाद कर पढ़ाई, भोजन और कंप्यूटर शिक्षा की ली जानकारी
#बलिया। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा ने शुक्रवार को विकासखंड सीयर स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने शैक्षणिक व्यवस्था, छात्राओं को मिलने वाली सुविधाओं, भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई का जायजा लिया। उन्होंने छात्राओं से सीधे संवाद कर विद्यालय की व्यवस्थाओं और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
#निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं से पढ़ाई, भोजन, कंप्यूटर शिक्षा सहित अन्य सुविधाओं के संबंध में पूछताछ की। उन्होंने विद्यालय के प्रधानाचार्य से शिक्षकों और कर्मचारियों की संख्या की जानकारी ली। प्रधानाचार्य ने बताया कि विद्यालय में कुल आठ शिक्षक कार्यरत हैं, जबकि चौकीदार, सफाई कर्मचारी और रसोइयों सहित कुल 14 कर्मचारी सेवाएं दे रहे हैं।
#जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन को छात्राओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक छात्रा को नियमित शिक्षा उपलब्ध कराना जरूरी है। साथ ही भोजन निर्धारित मेनू के अनुसार तैयार कराने और उसकी गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा।
#डीएम ने विद्यालय परिसर और कक्षों में साफ-सफाई बनाए रखने पर जोर देते हुए छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने विभिन्न कक्षों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि छात्राओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।