खड़ामुख में ट्रक का एक्सल फेल, मणिमहेश जाने वाले श्रद्धालु घंटों जाम में फंसे
NHAI ने कड़ी मशक्कत के बाद मशीनरी भेजकर खराब ट्रक को सड़क किनारे हटाया, मार्ग बहाल होने के बाद शुरू हुई वाहनों की आवाजाही
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो भरमौर/चंबा।
मणिमहेश यात्रा के बीच खड़ामुख के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक ट्रक का एक्सल फेल होने से सड़क पर यातायात बाधित हो गया। खड़ामुख में चेनज 158+700 के पास ट्रक खराब होने के कारण मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रुक गई, जिसके चलते मणिमहेश यात्रा पर जा रहे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ा।
बताया जा रहा है कि ट्रक के अचानक खराब होने के बाद सड़क पर यातायात बाधित हो गया। मणिमहेश यात्रा के लिए इस समय बड़ी संख्या में श्रद्धालु भरमौर पहुंच रहे हैं और खड़ामुख से होकर मणिमहेश की ओर जाने वाले वाहनों की संख्या भी काफी अधिक है। ऐसे में ट्रक के सड़क पर फंसने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
स्थिति को देखते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने मार्ग को जल्द बहाल करने के लिए कड़ी मशक्कत की। NHAI की मशीनरी को मौके पर भेजा गया और जेसीबी की मदद से खराब ट्रक को धकेलकर सुरक्षित रूप से सड़क के किनारे खड़ा किया गया।
ट्रक को सड़क से हटाए जाने के बाद मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया गया और वाहनों की आवाजाही दोबारा शुरू हो पाई। इसके बाद मणिमहेश यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं और अन्य वाहन चालकों ने राहत की सांस ली।
NHAI की ओर से मणिमहेश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और निर्बाध यातायात को लेकर मार्ग पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों का प्रयास है कि किसी भी कारण से सड़क पर उत्पन्न होने वाले अवरोध को जल्द से जल्द हटाकर यातायात सुचारू किया जा सके।
गौरतलब है कि मणिमहेश यात्रा के लिए इन दिनों बड़ी संख्या में श्रद्धालु भरमौर पहुंच रहे हैं, जिसके चलते भरमौर और मणिमहेश मार्ग पर वाहनों का दबाव भी बढ़ गया है। ऐसे में सड़क पर किसी वाहन के खराब होने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना बनी रहती है।