तोगी गांव में जमीन पर गिरे बिजली के खंभे से बिजली सप्लाई हादसे का खतरा
घरों की छतों और जमीन के ऊपर झूल रही बिजली की तारें, ग्रामीणों ने वीडियो जारी कर विभाग से लगाई गुहार
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो होली, 13 सितंबर।
भरमौर उपमंडल की ग्राम पंचायत नयाग्रां के गांव तोगी में बिजली व्यवस्था की बदहाल स्थिति ग्रामीणों के लिए गंभीर खतरे का कारण बनी हुई है। गांव में बिजली की सप्लाई से जुड़ा लकड़ी का खंभा जमीन पर लेटा हुआ है, जबकि बिजली की तारें जमीन और कुछ स्थानों पर घरों की छतों के ऊपर लटक रही हैं। ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार, बिजली की तारें इस तरह से लटकी हुई हैं कि गांव में लोगों का सुरक्षित तरीके से चलना-फिरना भी मुश्किल हो गया है। वहीं खेतों में फसल निकालने के दौरान भी इन तारों से खतरा बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया तो किसी अप्रिय घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस समस्या को लेकर पहले भी संबंधित विभाग के समक्ष शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। ग्रामीणों ने अब मौके की स्थिति का वीडियो जारी कर बिजली विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम पंचायत नयाग्रां की प्रधान अंजू बाला ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए बिजली विभाग से तुरंत कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि गांव में बिजली की तारों और खंभे की स्थिति बेहद चिंताजनक है। विभाग को बिना किसी देरी के मौके पर टीम भेजकर खंभे को सुरक्षित रूप से स्थापित करने और लटकती तारों को व्यवस्थित करने की आवश्यकता है, ताकि ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
ग्रामीणों ने कहा कि बिजली जैसी आवश्यक सुविधा के लिए विभाग की ओर से सुरक्षा मानकों का ध्यान रखा जाना बेहद जरूरी है। उनका कहना है कि किसी हादसे के बाद कार्रवाई करने के बजाय विभाग को पहले ही इस गंभीर समस्या का समाधान करना चाहिए।
ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग से तत्काल मौके का निरीक्षण कर जमीन पर पड़े खंभे और झूलती बिजली की तारों को ठीक करवाने की मांग की है, ताकि संभावित दुर्घटना को समय रहते रोका जा सके।
Dharwala, Chamba | Sep 13, 2026