बाजपट्टी में मूर्ति विसर्जन के दौरान युवक की चाकू मारकर हत्या, आक्रोशित परिजनों ने किया सड़क जाम
बाजपट्टी. बुधवार की देर शाम मूर्ति विसर्जन के दौरान एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान संधवारा गांव निवासी नरेश राय के 25 वर्षीय पुत्र सुधीर कुमार उर्फ मुसका के रूप में हुई है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मूर्ति विसर्जन के दौरान युवक को चाकू मारा गया. हालांकि, किसी ने चाकू मारते हुए नहीं देखा. घायल युवक को बाजपट्टी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उसे सीतामढ़ी सदर अस्पताल भेजा गया. हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया, जहां बाद में उसे मृत घोषित कर दिया गया.
घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार, एसआई संदेश सिंह सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की. घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और लोगों ने सड़क जाम कर दिया. खबर लिखे जाने तक सड़क जाम नहीं हटाया गया था.
Bajpatti, Sitamarhi | Oct 22, 2026