डी०ए०वी० पब्लिक स्कूल जोगिंदर नगर में आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल आयोजित
जोगिंद्रनगर/पंकज पालिया।
डी०ए०वी० पब्लिक स्कूल जोगिंदर नगर में आपदा प्रबंधन से निपटने के उद्देश्य से मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन 6/3 अग्निशमन चौकी, जोगिंदर नगर के फायरमैन श्री कृष्ण चंद की अध्यक्षता में किया गया। उनके साथ सहकर्मी श्री जोगिंद्र सिंह, श्री चामद राम तथा श्री दिगम्बर सिंह भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अग्निशमन दल ने विद्यार्थियों को आग लगने, भूकंप तथा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित रहने के उपायों की जानकारी दी। बच्चों को बताया गया कि आपदा के समय घबराने के बजाय सावधानी, सतर्कता और अनुशासन के साथ सुरक्षित स्थान पर पहुंचना चाहिए। मॉक ड्रिल के माध्यम से विद्यार्थियों को विद्यालय भवन से सुरक्षित बाहर निकलने का अभ्यास भी करवाया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक वर्ग, गैर-शिक्षक वर्ग तथा कक्षा तीसरी से बारहवीं तक के कुल 418 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय प्रशासन ने अग्निशमन दल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता और आत्मविश्वास विकसित करते हैं।