मानसून सत्र को लेकर जिला आपदा प्रबंधन अलर्ट, सभी संसाधनों की हुई जांच
उदयपुर, 20 जून। आगामी मानसून सत्र को ध्यान में रखते हुए जिला आपदा प्रबंधन एवं नागरिक सुरक्षा विभाग उदयपुर ने संभावित आपदाओं से निपटने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। शनिवार को उप नियंत्रक दीपेंद्र सिंह राठौड़ के निर्देश पर विभाग द्वारा सभी आवश्यक साधन-संसाधनों एवं आपदा राहत उपकरणों की जांच की गई।
विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आपदा प्रबंधन में उपयोग आने वाले उपकरणों, बचाव सामग्री तथा अन्य संसाधनों की स्थिति का निरीक्षण कर उनकी कार्यक्षमता सुनिश्चित की। साथ ही सभी संसाधनों के रखरखाव एवं संचालन व्यवस्था को भी दुरुस्त किया गया।
उप नियंत्रक दीपेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि मानसून के दौरान किसी भी प्रकार की प्राकृतिक आपदा, जलभराव, बाढ़ अथवा आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए विभाग पूरी तरह तैयार है। जिला आपदा प्रबंधन एवं नागरिक सुरक्षा विभाग की टीमों को सतर्क रहने तथा आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा आमजन से भी बारिश के दौरान सावधानी बरतने तथा आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।