NEET पेपर लीक मामले पर सीटू का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और NTA-NEP रद्द करने की उठाई मांग
सुरेंद्र ठाकुर
चम्बा | 20 जुलाई 2026
NEET पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तथा राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) और नई शिक्षा नीति (NEP) को रद्द करने की मांग को लेकर सोमवार को सीटू कार्यकर्ताओं ने चम्बा में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद उपायुक्त चम्बा के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा गया।
ज्ञापन में NTA को भंग करने, नई शिक्षा नीति को वापस लेने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की मांग की गई। साथ ही जंतर-मंतर पर आंदोलनरत सोनम वांगचुक एवं अन्य छात्रों से केंद्र सरकार द्वारा तत्काल बातचीत शुरू करने की भी मांग उठाई गई।
सीटू ने जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे आंदोलनकारियों तथा संसद मार्च कर रहे युवाओं पर हुए कथित लाठीचार्ज की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया। संगठन का आरोप है कि केंद्र सरकार छात्रों के आंदोलन को दबाने के लिए तानाशाही रवैया अपना रही है।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सीटू जिला अध्यक्ष नरेंद्र और विपिन शर्मा ने कहा कि NEET पेपर लीक जैसी घटनाओं ने लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं और इस मामले में जवाबदेही तय की जानी चाहिए।
प्रदर्शन में रवि, जय, चैन, अभिषेक, केवल कृष्ण, रिजु राम सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।
— जारीकर्ता:
सुदेश ठाकुर
जिला सचिव
Chamba, Chamba | Jul 20, 2026