गया OTA में गूंजा शौर्य का जयघोष: 253 अफसर कैडेटों की वर्दी पर सजेगा गौरव, परिवारों के त्याग को मिला सम्मान
गया: ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (OTA), गया में 29वीं पासिंग आउट परेड की पूर्व संध्या पर गौरव पदक सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में प्रशिक्षण पूर्ण कर रहे अफसर कैडेटों के गौरवान्वित परिवारों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम ने सैन्य सेवा में परिवारों के त्याग, सहयोग और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को रेखांकित किया।
समारोह में Vietnam People’s Army के जनरल स्टाफ के उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल Le Van Huong की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके साथ लेफ्टिनेंट जनरल राजेश पुष्कर, एवीएसएम, वीएसएम, जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, दक्षिणी कमान तथा लेफ्टिनेंट जनरल संदीप सिंह, अति विशिष्ट सेवा मेडल, कमांडेंट, ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी गया सहित सेना के अनेक वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। गौरव पदक समारोह का उद्देश्य उन माता-पिता और परिवारों के योगदान को सम्मान देना रहा, जिन्होंने अपने बेटे-बेटियों को सैन्य सेवा के गौरवपूर्ण मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। समारोह में इस बात को प्रमुखता से रेखांकित किया गया कि सैनिक केवल अपने साहस और अनुशासन से नहीं, बल्कि परिवार के अटूट भावनात्मक समर्थन से भी मजबूत बनता है। परिवारों का त्याग और सहयोग भारतीय सेना के भावी नेतृत्व की नींव तैयार करता है।
कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण सेना के सिम्फनी बैंड की शानदार प्रस्तुति रही। देशभक्ति की धुनों से लेकर वाद्यवृंद मार्च तक प्रस्तुतियों में सैन्य अनुशासन और संगीत का अद्भुत संगम देखने को मिला। पीतल, काष्ठ और ताल वाद्यों की सधी हुई प्रस्तुति ने माहौल को जोश और गर्व से भर दिया।
इसके बाद भारतीय सेना के सैनिकों ने मल्लखंभ प्रदर्शन के माध्यम से असाधारण शक्ति, फुर्ती, संतुलन और दृढ़ संकल्प का प्रदर्शन किया। सैनिकों की उत्कृष्ट कलाबाजी और अनुशासित तालमेल ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। अफसर कैडेटों के माता-पिता एवं परिवारजनों ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अब 5 सितंबर 2026 को OTA गया में शॉर्ट सर्विस कमीशन टेक्निकल (पुरुष एवं महिला) कोर्स की ऐतिहासिक चौथी पासिंग आउट परेड आयोजित होगी। 65वें पुरुष कोर्स के 218 तथा 36वें महिला कोर्स की 35 अफसर कैडेटों, यानी कुल 253 कैडेटों, को भारतीय सेना में अफसर के रूप में कमीशन प्रदान किया जाएगा