मिशन शक्ति के अंतर्गत ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
बालिकाओं को अधिकारों, सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं हेल्पलाइन सेवाओं की दी गई जानकारी
मिशन शक्ति के अंतर्गत बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी के मार्गदर्शन में वन स्टॉप सेंटर की टीम द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, चंबल कॉलोनी, मुरैना में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में बालिकाओं को उनके अधिकारों तथा महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई। वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं पुलिस हेल्पलाइन 112 के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया गया कि आवश्यकता पड़ने पर इन सेवाओं के माध्यम से तत्काल सहायता प्राप्त की जा सकती है।
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को माहवारी स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए माहवारी के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने, पौष्टिक एवं संतुलित आहार लेने तथा किसी भी परिस्थिति में शिक्षा बाधित न होने देने के लिए प्रेरित किया गया। बालिकाओं को बताया गया कि शरीर में आयरन की कमी से एनीमिया की समस्या हो सकती है। इससे बचाव के लिए हरी पत्तेदार सब्जियों, पौष्टिक फलों एवं अन्य पोषक खाद्य पदार्थों का नियमित सेवन करना चाहिए। संतुलित आहार से स्वास्थ्य बेहतर रहने के साथ पढ़ाई में एकाग्रता बनाए रखने में भी सहायता मिलती है।
बालिकाओं को शिक्षा के महत्व के बारे में बताते हुए कहा गया कि बेटियां बेटों से कम नहीं हैं। प्रत्येक बालिका को अपनी शिक्षा पूर्ण कर आत्मनिर्भर बनने का लक्ष्य रखना चाहिए। शिक्षा पूरी करने और आत्मनिर्भर बनने के बाद ही विवाह के संबंध में निर्णय लेना चाहिए। बेटियों की शिक्षा एवं आत्मनिर्भरता से न केवल उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आता है, बल्कि समाज में बेटियों के प्रति जागरूकता एवं संवेदनशीलता भी बढ़ती है।
इस अवसर पर बालिकाओं को गुड टच-बैड टच, बाल विवाह एवं इसके दुष्परिणामों के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई। बाल विवाह की जानकारी मिलने पर चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही बताया गया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाती है।
कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर प्रशासक एवं स्टाफ, विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती रेखा शर्मा सहित शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh
149 views | Morena, Madhya Pradesh | Aug 10, 2026