संवेदनशील स्थलों की पहचान कर समयबद्ध तैयारियां पूरी करें : अनुराग चन्द्र शर्मा
Kullu Times
आगामी दक्षिण-पश्चिम मानसून के मद्देनज़र उपायुक्त, अनुराग चन्द्र शर्मा की अध्यक्षता में मानसून तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बाढ़, भूस्खलन, सड़क अवरोध, पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति बाधित होने जैसी संभावित आपदाओं से निपटने के लिए विभागवार तैयारियों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में संवेदनशील एवं जोखिमपूर्ण स्थलों की पहचान कर समयबद्ध तरीके से सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने नालों एवं जल निकासी तंत्र की सफाई, नदियों और खड्डों के जलस्तर की निगरानी, बाढ़ पूर्व चेतावनी प्रणाली की प्रभावशीलता, राहत सामग्री के भंडारण तथा आपदा नियंत्रण कक्षों के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई, बीआरओ, जल शक्ति विभाग, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत बोर्ड तथा अन्य संबंधित विभागों को मानसून से पूर्व आवश्यक मरम्मत एवं निवारक कार्य पूर्ण करने को कहा। उन्होंने विशेष रूप से सड़कों के किनारे खड़े खतरनाक वृक्षों की पहचान एवं कटान, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा उपाय तथा अवरुद्ध मार्गों को शीघ्र बहाल करने की कार्ययोजना तैयार रखने पर बल दिया।
उन्होंने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को दूरदराज के क्षेत्रों में पर्याप्त राशन भंडारण सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दवाइयों एवं चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाली गर्भवती महिलाओं की सूची तैयार कर आवश्यकता पड़ने पर उन्हें समय पर स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंचाने के लिए विशेष योजना बनाने को कहा।
उपायुक्त ने दूरसंचार कंपनियों को आपदा की स्थिति में संचार व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए वैकल्पिक योजनाएं तैयार करने तथा जिले की जलविद्युत परियोजनाओं को अर्ली वार्निंग सिस्टम के माध्यम से समय पर सूचना प्रसारित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, एसडीआरएफ, पुलिस, होमगार्ड, स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय से ही आपदा की स्थिति में जान-माल के नुकसान को कम किया जा सकता है। बैठक में ऑनलाइन क्षति एवं नुकसान रिपोर्टिंग प्रणाली, आईडीआरएन पोर्टल के अद्यतन, सैटेलाइट फोन एवं वी-सैट की कार्यशीलता, अंतर-विभागीय समन्वय समूहों की सक्रियता तथा जनजागरूकता गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। मानसून के दौरान आयोजित होने वाली यात्राओं, मेलों एवं अन्य बड़े आयोजनों के लिए विशेष सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अश्वनी कुमार, एसडीएम कुल्लू, एनएचएआई, बीआरओ, दूर संचार, जलविद्युत परियोजनाओं के प्रबंधकों सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
Kullu, Kullu | Jun 5, 2026