समाहरणालय पूर्णिया,
जिला जनसंपर्क कार्यालय,
प्रेस विज्ञप्ति 905 ,
दिनांक 13 जुलाई 2026,
===================
जिला पदाधिकारी ने की बाढ़ एवं सूखाड की तैयारियों की समीक्षा; सभी संबंधित विभागों को दिए कई आवश्यक दिशा निर्देश:-
जिला पदाधिकारी श्री अंशुल कुमार (भा०प्र०से) की अध्यक्षता में आज बाढ़ एवं सूखा से संबंधित अद्यतन प्रतिवेदनों एवं धरातलीय तैयारी की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी मौसम के मद्देनजर संभावित आपदाओं से निपटने की पूर्व तैयारियों को पुख्ता करना और आम जनता को हर संभव राहत पहुंचाना है।
बैठक में जिला पदाधिकारी द्वारा विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की गई और कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिया गया।सुदृढ़ जल निकासी व्यवस्था हेतु जिला पदाधिकारी द्वारा नगर निगम पूर्णिया और सभी नगर पंचायतों को निर्देश दिया गया कि शहरी और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए जल निकासी (वाटर ड्रेनेज) व्यवस्था को तुरंत सुदृढ़ करें। मानसून के दौरान कहीं भी जलजमाव की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। वॉटर लॉगिंग की समस्या न हो इसके लिए नाले की नियमित साफ सफाई कराना सुनिश्चित करें।
जिले में कृषि की स्थिति का जायजा लेते हुए जिला कृषि पदाधिकारी को निर्देशित किया गया कि वे वर्तमान में हो रही धान की रोपाई के प्रतिशत का सटीक आकलन करें।
सूखा जैसी स्थिति से निपटने के लिए विभाग को अलर्ट रहने और किसानों की स्थिति पर नजर रखने का निर्देश दिया गया। किसी भी आपातकालीन स्थिति या बाढ़ के खतरे से निपटने के लिए फ्लड कंट्रोल डिपार्टमेंट को चौबीसों घंटे अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी द्वारा स्पष्ट निर्देश दिया गया कि संवेदनशील क्षेत्रों और तटबंधों की सतत निगरानी की जाए ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
बैठक के दौरान ग्रामीण कार्य विभाग (RWD), पथ निर्माण विभाग (RCD) और लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) के अधिकारियों को भी अपनी-अपनी कार्य योजनाओं के साथ मुस्तैद रहने का निर्देश दिया गया।
बैठक में अपर समाहार्ता ( आपदा प्रबंधन) एडीएमओ पूर्णिया एवं जिला जनसंपर्क पदाधिकारी तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Purnia, Bihar | Jul 13, 2026