मानहानि के नोटिस की चेतावनी पर आर्यन ठाकुर का पलटवार, बोले- गीदड़ धमकियों से डरने वाले नहीं
मनोज शर्मा के राजनीतिक सफर पर उठाए सवाल, 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी का विरोध करने का लगाया आरोप
जसवां-प्रागपुर ।। News123 ।। जसवां-प्रागपुर की राजनीति में सोशल मीडिया पर बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। प्रागपुर निवासी एवं प्रदेश युवा कांग्रेस के पूर्व महासचिव मनोज शर्मा उर्फ सन्नी द्वारा जसवां कांग्रेस सोशल मीडिया अध्यक्ष आर्यन ठाकुर को मानहानि का नोटिस जारी करने की चेतावनी के बाद आर्यन ठाकुर ने फेसबुक के माध्यम से पलटवार किया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वह किसी की गीदड़ धमकियों से डरने वाले नहीं हैं और यदि उन्हें कानूनी नोटिस मिलता है तो उसका जवाब भी मजबूती के साथ दिया जाएगा।
आर्यन ठाकुर ने मनोज शर्मा के बयान का स्क्रीनशॉट साझा करते हुए अपनी पोस्ट में लिखा कि सभी साथी निश्चिंत रहें। उन्होंने कहा कि जब नोटिस आएगा तो उसका जवाब भी जैसे को तैसा दिया जाएगा। उन्होंने अपने पोस्ट में यह भी टिप्पणी की कि मानहानि तो उस व्यक्ति की हुई है, जिसे उन्होंने अपनी पोस्ट में काली भेड़ से जोड़ा था।
आर्यन ठाकुर ने मनोज शर्मा के कांग्रेस से जुड़ाव और राजनीतिक भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि मनोज शर्मा के पास वर्तमान में कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता तक नहीं है और न ही वह पार्टी के किसी पद पर हैं। उन्होंने अपने पोस्ट में मनोज शर्मा के युवा कांग्रेस में रहने के दौरान पार्टी से निष्कासन का भी उल्लेख किया और इसके लिए विक्रमादित्य सिंह का हवाला दिया।
आर्यन ठाकुर ने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी ने उस समय सुरिंदर सिंह मनकोटिया को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया था, लेकिन मनोज शर्मा ने पार्टी प्रत्याशी का समर्थन करने के बजाय निर्दलीय प्रत्याशी सोनू के साथ काम किया और उनके पक्ष में सिलाई मशीनें भी बांटी थीं। उन्होंने सवाल उठाया कि पार्टी प्रत्याशी का विरोध करने वाला व्यक्ति खुद को कांग्रेसी कैसे कह सकता है।
उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान में मनोज शर्मा भाजपा के साथ हैं, जबकि खुद को कांग्रेसी बताते हैं। आर्यन ठाकुर ने यह भी सवाल उठाया कि यदि मनोज शर्मा को जसवां-प्रागपुर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं का समर्थन प्राप्त है तो किसी कांग्रेसी कार्यकर्ता ने सार्वजनिक रूप से उनका समर्थन क्यों नहीं किया।
आर्यन ठाकुर ने अपनी पोस्ट में कहा कि जसवां-प्रागपुर का कांग्रेस परिवार अपने कार्यकर्ताओं और उनकी राजनीतिक भूमिका को अच्छी तरह जानता है। किसी को अपनी राजनीतिक पहचान साबित करने के लिए दूसरों से प्रमाणपत्र लेने की आवश्यकता नहीं है।
सोशल मीडिया पर बढ़ी सियासी सरगर्मी
इस पूरे घटनाक्रम के बाद जसवां-प्रागपुर क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। मानहानि के नोटिस की चेतावनी और उसके जवाब में आई फेसबुक पोस्ट के बाद अब दोनों पक्षों के बीच विवाद किस दिशा में आगे बढ़ता है, इस पर क्षेत्र के लोगों की नजरें टिकी हुई हैं। हालांकि, आर्यन ठाकुर द्वारा लगाए गए राजनीतिक आरोपों पर मनोज शर्मा का पक्ष सामने आना बाकी है।
Dera Gopipur, Kangra | Nov 14, 2026