चलते ट्रक पर चढ़कर चावल बोरी चोरी करने वाला गिरफ्तार, सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान, दो अन्य साथी अब भी फरार
सक्ती जिले मे पुलिस ने चलते ट्रक से चावल की बोरियां चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 50 किलोग्राम चोरी का चावल बरामद किया है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। मामला सक्ती थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 14 सक्ती निवासी संकेत गोयल ने थाना सक्ती में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 9 जून 2026 को उनके ट्रक क्रमांक CG15 KL 9002 में मारुति एग्रोवेट राइस मिल सरवानी से 580 बोरी सीएमआर चावल लोड कर शासकीय गोदाम टेमर भेजा गया था। गोदाम में माल उतरवाने के दौरान 50-50 किलोग्राम की तीन बोरी चावल कम पाई गई। चालक से पूछताछ करने पर उसे घटना की जानकारी नहीं होने की बात कही गई।
घटना के बाद प्रार्थी ने सरवानी से टेमर मार्ग पर लगे विभिन्न सीसीटीवी कैमरों की जांच की। 14 जून 2026 को टेमर स्थित एक फर्नीचर दुकान के सीसीटीवी फुटेज में एक युवक चलते ट्रक पर चढ़कर चावल की बोरियां नीचे गिराते हुए दिखाई दिया, जबकि दो अन्य व्यक्ति मोटरसाइकिल पर बैठकर उससे बातचीत करते नजर आए। फुटेज के आधार पर तीनों के द्वारा मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की आशंका जताई गई, जिसके बाद थाना सक्ती में अपराध क्रमांक 269/2026 के तहत धारा 305(ग) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक प्रफ्फुल कुमार ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल तथा एसडीओपी सक्ती डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के निर्देशन में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। जांच के दौरान चलते ट्रक में चढ़कर चावल की बोरियां नीचे गिराने वाले युवक की पहचान नितिन कुमार पटेल (21 वर्ष), पिता संतोष कुमार पटेल, निवासी नंदेली, थाना सक्ती के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर ट्रक से तीन बोरी चावल चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि चोरी किए गए चावल के बंटवारे में उसके हिस्से में 50 किलोग्राम चावल आया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से उक्त चावल बरामद कर विधिवत जब्त कर लिया।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी नितिन कुमार पटेल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं, घटना में शामिल अन्य दो फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उनके विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।