विश्व हेपेटाइटिस दिवस पर जागरूकता बैठक आयोजित, स्वास्थ्य कर्मियों को दी गई आवश्यक जानकारी
विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर इकील, मखदुमपुर प्रखंड में जिला स्तरीय निर्देश के तहत सीएचओ, एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति में हेपेटाइटिस एवं वायरल हेपेटाइटिस से संबंधित जागरूकता बैठक आयोजित की गई। वहीं जिले के अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में भी इस अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
बैठक में स्वास्थ्य कर्मियों को हेपेटाइटिस के कारण, लक्षण, बचाव एवं उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बताया गया कि हेपेटाइटिस वायरस से होने वाला यकृत (लिवर) का संक्रमण है। हेपेटाइटिस ए एवं ई मुख्य रूप से दूषित भोजन और दूषित पानी के सेवन से फैलते हैं, जबकि हेपेटाइटिस बी एवं सी संक्रमित रक्त, असुरक्षित इंजेक्शन, असुरक्षित शारीरिक संबंध तथा संक्रमित उपकरणों के उपयोग से फैल सकते हैं।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने सुरक्षित पेयजल के उपयोग, स्वच्छता बनाए रखने, सुरक्षित रक्त एवं इंजेक्शन के प्रयोग तथा हेपेटाइटिस-बी के टीकाकरण को बीमारी से बचाव का प्रभावी उपाय बताया। साथ ही किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य संस्थान में जांच एवं उपचार कराने की सलाह दी गई।
बैठक के अंत में सभी स्वास्थ्य कर्मियों से अपने-अपने कार्यक्षेत्र में लोगों के बीच हेपेटाइटिस के प्रति व्यापक जागरूकता फैलाने तथा अधिक से अधिक लोगों को बचाव और टीकाकरण के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया।