“आरंभ है प्रचंड...” – पीयूष मिश्रा पहुंचे रांची, जेपीएससी छात्रों में भरा जोश!
रांची: झारखंड में जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित धांधली के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन में शनिवार को एक नया रंग आ गया। मशहूर अभिनेता, गायक और गीतकार पीयूष मिश्रा जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे छात्रों के बीच बैठकर उनका मनोबल बढ़ाया।
पीयूष मिश्रा ने छात्रों से मिलते हुए कहा, “मैंने कुछ छात्रों के इंटरव्यू देखे। उनकी आंखों में दर्द, तकलीफ और आंसू देखे। बस इतना ही मेरे यहां आने के लिए काफी था। मैं नौजवानों को पसंद करता हूं, आपके लिए ही गाता हूं, आपके लिए ही एक्टिंग करता हूं।”
इस दौरान उन्होंने अपनी फिल्म गुलाल का सुप्रसिद्ध क्रांतिकारी गीत ‘आरंभ है प्रचंड...’ गाया। जैसे ही गाने की पंक्तियां निकलीं, पूरा आंदोलन स्थल नारों और तालियों से गूंज उठा। छात्र भी उनके साथ सुर में सुर मिलाते नजर आए।
जेपीएससी छात्रों का यह आंदोलन कई दिनों से जारी है। छात्र परीक्षा में अनियमितताओं की जांच और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की मांग कर रहे हैं। पीयूष मिश्रा के पहुंचने और गीत गाने से छात्रों का उत्साह कई गुना बढ़ गया।
आरंभ है प्रचंड... और लड़ाई जारी है!