@Bareillylive : ब्रह्माकुमारीज ने विश्व बंधुत्व रक्तदान महाअभियान के तहत बरेली में रक्तदान शिविर आयोजित किया, जिसमें लगभग 110 लोगों ने स्वैच्छिक रूप से रक्तदान कर जीवन बचाने की महती सेवा में भाग लिया। यह आयोजन राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि जी की 19वीं पुण्य स्मृति के अवसर पर समाज सेवा प्रभाग द्वारा किया गया।
शिविर में उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने ब्रह्माकुमारी संस्था की पहल की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान मानव सेवा का सर्वोत्तम माध्यम है और इस तरह के कार्यक्रम समाज में सेवा भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बरेली के महापौर उमेश गौतम ने कहा कि संस्था सिर्फ सकारात्मक परिवर्तन ही नहीं ला रही, बल्कि अब लोगों के जीवन बचाने का भी महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। बरेली कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने भी स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने वाले इस प्रयास की प्रशंसा की।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी निता दीदी व पारुल दीदी ने लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया और कहा कि रक्तदान से मिलने वाला संतोष किसी इनाम से बढ़कर होता है। शिविर के सफल आयोजन में रजनी दीदी, नेहा बहन, आयुष भाई, अनुराग भाई सहित कई भाई-बहनों ने सहयोग दिया। रक्तदाताओं को मोमेंटो व प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया और फल-पेय की व्यवस्था भी रखी गई।
Bareilly, Bareilly | Aug 25, 2026