रामगढ़ में खुले सीवर चैंबर ने बढ़ाया हादसों का खतरा,बाइक सहित गड्ढे में गिरा युवक
गोविंदगढ़ मोड़ पर हुआ हादसा
रामगढ़ कस्बे में अलवर-दिल्ली हाईवे पर नेशनल हाइवे के खुले सीवर चैंबर वाहन चालकों के लिए खतरा बन गए हैं। सीवर लाइन की सफाई के दौरान खोले गए चैंबरों को संबंधित विभाग की ओर से खुला छोड़ दिया गया। नेशनल हाईवे के आसपास ऐसे 10 से अधिक खुले चैंबर हादसों को न्योता दे रहे हैं। नेशनल हाईवे पर इतना मोटा टोल लगने के बावजूद भी विभाग के अधिकारी इस गंभीर समस्या से दूरी क्यो।शनिवार रात गोविंदगढ़ मोड़ पर जोधपुर मिष्ठान भंडार के बाहर एक बाइक सवार अंधेरे के कारण खुले गड्ढे में बाइक सहित गिर गया। गनीमत रही कि हादसे में उसे मामूली चोटें ही आईं और बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब नौ बजे एक व्यक्ति जोधपुर मिष्ठान भंडार पर मिठाई खरीदने आया था। मिठाई खरीदने के बाद जैसे ही वह बाइक लेकर रवाना होने लगा, अंधेरे के कारण उसे सड़क किनारे बना खुला गड्ढा दिखाई नहीं दिया। देखते ही देखते वह बाइक सहित करीब छह फीट गहरे गड्ढे में जा गिरा। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंचे और बाइक सवार को बाहर निकालने में मदद की। बाइक सवार को मामूली चोटें आईं, जबकि उसकी बाइक गड्ढे में फंस गई। दुकानदारों ने काफी मशक्कत के बाद बाइक को बाहर निकाला। हादसे में बाइक को भी नुकसान पहुंचा। रविवार को सुबह ग्यारह बजे दुकानदारों ने इस हादसे की शिकायत संबंधित अधिकारियों को की।
Alwar, Alwar | Oct 11, 2026