सेवा संकल्प अभियान की डीएम ने की समीक्षा, अधिकारियों को प्रभावी क्रियान्वयन के दिए निर्देश
सुपौल जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में जिला स्तरीय साप्ताहिक सोमवारीय समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी जिला स्तरीय, अनुमंडल स्तरीय एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान सेवा संकल्प अभियान से संबंधित विभिन्न विषयों की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अभियान के सफल, प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से अभियान से जुड़े कार्यों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
डीएम ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों से अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी ली तथा जहां आवश्यक हो, वहां आपसी समन्वय स्थापित कर कार्यों को गति देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं एवं अभियानों का लाभ आम लोगों तक प्रभावी तरीके से पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी पदाधिकारी अपने-अपने स्तर से जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करें।
बैठक में उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार, अपर समाहर्ता-सह-आपदा प्रबंधन पदाधिकारी मो. तारिक, अपर समाहर्ता सच्चिदानंद सुमन, जिला पंचायत राज पदाधिकारी गयानंद यादव, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा विकास कुमार कर्ण, वरीय उप समाहर्ता पुष्पा कुमारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
वहीं, जिला मुख्यालय से बाहर पदस्थापित अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में भाग लिया। बैठक में अभियान के प्रभावी संचालन के साथ-साथ अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में कार्यों की नियमित निगरानी एवं प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
Supaul, Supaul | Sep 14, 2026