कलेक्टर श्री रत्नाकर झा के निर्देशानुसार एवं अभिहित अधिकारी, खाद्य सुरक्षा प्रशासन अनूपपुर श्रीमती अलका तिवारी के मार्गदर्शन में जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा निरंतर जांच अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री ब्रजेश विश्वकर्मा द्वारा अनूपपुर नगर के विभिन्न मिठाई प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जोधपुर मिष्ठान भंडार, भगवान स्वीट्स एंड डेयरी, चेतना नगर तथा केड़िया पेट्रोल पंप के समीप स्थित करणी बीकानेर स्वीट्स एंड नमकीन की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान बेसन के लड्डू, गुलाब जामुन, खोवा, पेड़ा, कलाकंद, नारियल के लड्डू एवं कैडबरी सेलिब्रेशन पैक सहित कुल 10 खाद्य नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए। सभी नमूनों को परीक्षण हेतु राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है।नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता में निर्धारित मानकों के अनुरूप कमी अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 एवं विनियम, 2011 के अंतर्गत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को खाद्य सामग्री स्वच्छ एवं सुरक्षित स्थिति में ढककर रखने, निर्धारित गुणवत्ता के खाद्य पदार्थों का ही विक्रय करने तथा प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
#anuppur
@jansamparkmp
21 views | Anuppur, Madhya Pradesh | Nov 5, 2026