जनगणना 2027 के द्वितीय चरण की तैयारियां प्रारंभ
------
जिले में अधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण शुरू
------
जनगणना 2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों के अंतर्गत जिले के अधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण 12 अक्टूबर से शासकीय शहीद केदारनाथ महाविद्याल में प्रारंभ हुआ। अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी पीके पांडेय के निर्देशन में आयोजित इस प्रशिक्षण में जनगणना कार्य निदेशालय, भोपाल से आए प्रशिक्षक शशिकांत शुक्ला एवं मोहित साहू द्वारा अधिकारियों को जनगणना संबंधी विभिन्न प्रक्रियाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी दी जा रही है।
गणना ब्लॉकों के गठन एवं कार्मिकों की नियुक्ति की दी जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान जनगणना के द्वितीय चरण की कार्ययोजना, गणना ब्लॉकों के गठन, गणना कार्य में संलग्न कार्मिकों को समान रूप से कार्य आवंटित करने तथा अतिरिक्त कार्मिकों की आवश्यकता और उनकी नियुक्ति की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से बताया गया। अधिकारियों को जनगणना कार्य के प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं एवं प्रक्रियाओं से अवगत कराया जा रहा है।
प्रशिक्षण में बताया गया कि जनगणना 2027 में स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा। इसके माध्यम से परिवार के सदस्य निर्धारित पोर्टल पर स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त प्रगणक घर-घर जाकर मोबाइल ऐप के माध्यम से संबंधित जानकारी का संकलन करेंगे। जनसंख्या गणना के दौरान प्रत्येक व्यक्ति से सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक एवं प्रवास सहित विभिन्न विषयों से संबंधित कुल 40 प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रशिक्षण में इन प्रक्रियाओं की जानकारी देते हुए जनगणना कार्य को व्यवस्थित, सुचारु एवं प्रभावी ढंग से संपादित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देशों एवं व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की जा रही है। प्रशिक्षण में जिले के समस्त अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, जनगणना लिपिक एवं तकनीकी सहायक उपस्थित रहे।
Election Commission of India
Chief Electoral Officer Madhya Pradesh
#Mauganj
Rewa, Madhya Pradesh | Oct 12, 2026