भाजपा जिला कार्यालय में दीपावली पर कार्यकर्ताओं से मिले जिलाध्यक्ष यतिंद्र सिंह, दी शुभकामनाएं
- यतिंद्र सिंह बोले—संगठन ही परिवार, कार्यकर्ता संगठन की असली ताकत; जिला महामंत्री अंबर कुमार ने भी दी पर्व की बधाई
सिरसा टुडे।
दीपावली के पावन अवसर पर जिला सिरसा भाजपा कार्यालय ‘सरसाई कमल’ में भाजपा जिलाध्यक्ष यतिंद्र सिंह ने पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों से आत्मीय मुलाकात की और सभी को दीपावली पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जिला महामंत्री अंबर कुमार सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारीगण, मंडल अध्यक्ष एवं नगर पार्षद मौजूद रहे। सभी ने आपसी स्नेह, सौहार्द और उत्साह के साथ दीपावली का पर्व मनाया।
यतिंद्र सिंह ने कहा कि पार्टी के सम्मानित साथियों एवं मित्रजनों ने जिस स्नेह, अपनेपन और सम्मान के साथ दीपावली की शुभकामनाएं दी हैं, वह उनके लिए सबसे बड़ा आशीर्वाद है। कार्यकर्ताओं का स्नेह और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि संगठन ही परिवार है और कार्यकर्ता संगठन की असली ताकत हैं। कार्यकर्ताओं के मन में संगठन के प्रति समर्पण, निष्ठा और सेवा का भाव ही भारतीय जनता पार्टी को निरंतर मजबूती प्रदान करता है। कार्यकर्ताओं का यही स्नेह और विश्वास उन्हें जनसेवा एवं संगठन हित में और अधिक समर्पित भाव से कार्य करने की प्रेरणा देता है।
जिला महामंत्री अंबर कुमार ने कहा कि दीपावली आपसी प्रेम, भाईचारे, एकता और सकारात्मकता का प्रतीक है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन रूपी परिवार का अभिन्न अंग है। त्योहारों के ऐसे अवसर कार्यकर्ताओं के बीच आपसी जुड़ाव और आत्मीयता को और मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अंत में यतिंद्र सिंह ने मां लक्ष्मी से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली का प्रकाश फैलाने की कामना की।
Sirsa, Sirsa | Nov 9, 2026