बांसवाड़ा में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय के लिपिक ग्रेड प्रथम (रीडर) एवं चालक (होमगार्ड) 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
( अजमेर न्यूज़ )
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) मुख्यालय के निर्देश पर आज दिनांक 12.10.2026 को एसीबी इकाई बांसवाड़ा ने ट्रेप कार्यवाही करते हुए आरोपी राहुल चंदेल, चालक (होमगार्ड), अतिरिक्त न्यायिक मजिस्ट्रेट, जिला बांसवाड़ा को आरोपी संदीप कुमार नानावटी, लिपिक ग्रेड प्रथम (रीडर), मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, जिला बांसवाड़ा के लिए परिवादी एवं सहपरिवादी से 40,000 रुपये की रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। प्रकरण में मुख्य भूमिका होने के कारण आरोपी संदीप कुमार नानावटी को भी गिरफ्तार किया गया।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी बांसवाड़ा को प्राप्त शिकायत में परिवादिया को जमानत मिलने के उपरांत उसकी जमानत खारिज नहीं करवाने, न्यायालय में विचाराधीन मुकदमे में सजा नहीं दिलवाने तथा आगे प्रकरण में सहायता प्रदान करने की एवज में आरोपी संदीप कुमार नानावटी द्वारा दलाल राहुल चंदेल के माध्यम से रिश्वत राशि मांगने की शिकायत की गई थी।
उक्त शिकायत पर दिनांक 11.10.2026 को रिश्वत मांग का सत्यापन करवाया गया। सत्यापन के दौरान आरोपी संदीप कुमार नानावटी एवं उसके दलाल राहुल चंदेल द्वारा परिवादिया एवं सहपरिवादी से 40,000 रुपये रिश्वत राशि की मांग की पुष्टि हुई। इस दौरान आरोपियों द्वारा परिवादिया से 2,000 रुपये खर्चे-पानी के नाम पर मांगकर ग्रहण किए जाने की भी पुष्टि हुई।
एसीबी उदयपुर रेंज के प्रभारी पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित के सुपरविजन में एसीबी इकाई बांसवाड़ा के पुलिस उप अधीक्षक रतन सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में आज मय टीम ट्रेप कार्यवाही की गई। कार्यवाही के दौरान आरोपी दलाल राहुल चंदेल, चालक (होमगार्ड), अतिरिक्त न्यायिक मजिस्ट्रेट रीडर , जिला बांसवाड़ा को आरोपी संदीप कुमार नानावटी के लिए परिवादी एवं सहपरिवादी से 40,000 रुपये की रिश्वत राशि अपने हाथों से ग्रहण करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। वहीं, आरोपी संदीप कुमार नानावटी को प्रकरण में मुख्य भूमिका होने के कारण गिरफ्तार किया गया।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक पुलिस एस परिमला के सुपरविजन में आरोपियों से पूछताछ एवं अग्रिम कार्यवाही जारी है। आरोपी संदीप कुमार नानावटी एवं आरोपी राहुल चंदेल के निवास स्थानों पर तलाशी की कार्यवाही भी जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।
-किसी व्यक्ति के विरुद्ध एसीबी में प्रकरण ( अभियोग, प्राथमिक जांच, आदि) दर्ज होने पर , ACB से सीधे संपर्क कर अपना पक्ष/स्पष्टीकरण प्रस्तुत किया जा सकता है। प्रस्तुत स्पष्टीकरण के ACB द्वारा विस्तृत विश्लेषण के उपरांत ही अनुसंधान में निर्णय लिया जाना ACB की कार्य प्रणाली का हिस्सा है। यह जानकारी एसीबी के डर से धोखाधड़ी आदि के शिकार होने की संभावना के संदर्भ में महत्वपूर्ण है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के टोल फ्री नम्बर 1064 एवं व्हाट्सएप हेल्पलाईन नम्बर 94135-02834 पर 24X7 सम्पर्क कर भ्रष्टाचार के विरूद्ध अभियान में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। एसीबी आपके वैध कार्य को करवाने में पूरी सहायता करेगी।
( अजमेर न्यूज़ )
9351087614
#ajmer #news #acb #court #redhanded #bribe
Ajmer, Ajmer | Oct 12, 2026