विभागीय परीक्षा के माध्यम से नियमितीकरण की कार्यवाही में हो रही देरी के विरोध में विद्युत संविदा कर्मचारियों ने ऊर्जा मंत्री को सौंपा ज्ञापन
ग्वालियर, 04 अक्टूबर 2026।
मध्यप्रदेश के विद्युत विभाग में कार्यरत संविदा कर्मचारियों को विभागीय परीक्षा के माध्यम से नियमित किए जाने की कार्यवाही में हो रही देरी के विरोध में आज ग्वालियर के विद्युत संविदा कर्मचारियों ने मध्यप्रदेश शासन के ऊर्जा मंत्री माननीय श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर जी से उनके रेसकोर्स रोड स्थित 38 नंबर शासकीय बंगले, ग्वालियर पर मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
संविदा कर्मचारियों ने ज्ञापन के माध्यम से मांग रखी कि विद्युत विभाग में लंबे समय से सेवाएं दे रहे संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण हेतु विभागीय परीक्षा की प्रक्रिया को शीघ्र प्रारंभ कर समयबद्ध रूप से पूरा किया जाए।
कर्मचारियों ने बताया कि विद्युत विभाग में संविदा कर्मचारी लंबे समय से विभिन्न तकनीकी एवं मैदानी दायित्वों का निर्वहन करते हुए विद्युत व्यवस्था के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके बावजूद नियमितीकरण की प्रक्रिया में विलंब होने से कर्मचारियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
इस अवसर पर संविदा कर्मचारियों ने ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर जी से आग्रह किया कि संविदा कर्मचारियों के हित में विभागीय परीक्षा के माध्यम से नियमितीकरण की कार्यवाही को शीघ्र आगे बढ़ाने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए जाएं।
ऊर्जा मंत्री जी को सौंपे गए ज्ञापन में कर्मचारियों ने आशा व्यक्त की कि शासन स्तर पर उनकी मांग पर सकारात्मक पहल करते हुए लंबे समय से लंबित नियमितीकरण की प्रक्रिया को गति प्रदान की जाएगी।
ग्वालियर के विद्युत संविदा कर्मचारियों ने एकजुट होकर नियमितीकरण की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ किए जाने की मांग दोहराई।
#newsimpact #gwalior
Gwalior Gird, Gwalior | Oct 4, 2026