राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के तहत ग्राम कामोद में किसान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
-------‐-
कृषकों को सिखाया गया जीवामृत बनाने का व्यावहारिक तरीका, क्लस्टर आधारित प्राकृतिक खेती से जुड़ने की अपील
बड़वानी 10 जुलाई 2026/जिला प्रशासन बड़वानी के मार्गदर्शन तथा किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग एवं परियोजना संचालक आत्मा, जिला बड़वानी के तत्वावधान में राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन (एनएमएनएफ) के अंतर्गत विकासखंड सेंधवा के ग्राम कामोद में एक दिवसीय किसान जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के बड़ी संख्या में कृषकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर प्राकृतिक खेती की आधुनिक व पारंपरिक तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से उप संचालक (किसान कल्याण एवं कृषि विकास) श्री के. सी. वास्केल, सहायक संचालक श्री भारत सोलंकी तथा विकासखंड तकनीकी प्रबंधक (आत्मा) श्री मुकेश गोस्वामी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप संचालक श्री के. सी. वास्केल ने किसानों को प्राकृतिक खेती के महत्व और क्लस्टर आधारित खेती की अवधारणा से अवगत कराया। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में क्लस्टर बनाकर राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन से जुड़ें और अपनी लागत कम कर भूमि की उर्वरा शक्ति को बचाएं। इस दौरान उन्होंने किसानों के सम्मुख जीवामृत निर्माण का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया। उन्होंने जीवामृत बनाने की विधि, उसके उपयोग के तरीके तथा फसलों में होने वाले चमत्कारी लाभों के बारे में विस्तार से समझाया।
योजना की तकनीकी बारीकियों पर प्रकाश डालते हुए विकासखंड तकनीकी प्रबंधक श्री मुकेश गोस्वामी ने बताया कि राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन (एनएमएनएफ)के तहत प्रत्येक क्लस्टर में 125 किसानों को शामिल किया जाएगा। योजना के अंतर्गत प्रत्येक किसान का एक एकड़ क्षेत्र शामिल किया जाएगा। इच्छुक किसानों का पंजीयन एमपी किसान पोर्टल पर किया जाएगा। शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार आगे की सभी आवश्यक कार्यवाही चरणबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी।
कार्यक्रम के अंतिम सत्र में किसानों ने प्राकृतिक खेती, जीवामृत, बीजामृत के निर्माण तथा योजना के विभिन्न प्रावधानों को लेकर अपनी शंकाएं और प्रश्न रखे, जिनका उपस्थित विभागीय अधिकारियों द्वारा अत्यंत सरल और विस्तारपूर्वक समाधान किया गया। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित किसानों ने रासायनिक खेती छोड़ प्राकृतिक खेती अपनाने तथा एनएमएनएफ योजना से जुड़ने के प्रति भारी उत्साह व्यक्त किया।
#JansamparkMP
#Badwani
45 views | Barwani, Madhya Pradesh | Jul 10, 2026