➡️ कौशल विकास से विद्यार्थियों को मिलेंगे रोजगार के नए अवसर
➡️ शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में 15 दिवसीय पत्रकारिता प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ
शासकीय कला एवं वाणिज्य (अग्रणी) महाविद्यालय, सागर में प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता के मार्गदर्शन तथा पी.एम. ऊषा परियोजना प्रभारी एवं प्रभारी प्राचार्य डॉ. इमराना सिद्दीकी की उपस्थिति में 15 दिवसीय ‘पत्रकारिता प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र कार्यक्रम’ का शुभारंभ हुआ। प्रशिक्षण का आयोजन महाविद्यालय के हिंदी विभाग द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पत्रकारिता के क्षेत्र में व्यावहारिक एवं रोजगारपरक कौशल प्रदान करना है।
कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने कहा कि पी.एम. ऊषा योजना के अंतर्गत आयोजित यह प्रशिक्षण विद्यार्थियों को बदलती व्यावसायिक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। पत्रकारिता क्षेत्र में व्यावहारिक दक्षता विद्यार्थियों के लिए रोजगार एवं करियर के नए अवसर उपलब्ध कराने में सहायक होगी।
पी.एम. ऊषा परियोजना प्रभारी डॉ. इमराना सिद्दीकी ने कहा कि परियोजना के माध्यम से विद्यार्थियों को रोजगारपरक एवं कौशल आधारित प्रशिक्षण से जोड़ा जा रहा है। 15 दिवसीय प्रशिक्षण विद्यार्थियों की रचनात्मकता, अभिव्यक्ति क्षमता एवं व्यावसायिक दक्षता को विकसित करने में उपयोगी होगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं इंक मीडिया संस्थान के निदेशक डॉ. आशीष द्विवेदी ने पत्रकारिता में तथ्यों की पड़ताल, रिपोर्टिंग, साक्षात्कार एवं डिजिटल मीडिया के व्यावहारिक ज्ञान की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। विशिष्ट अतिथि आर.एस. पवार ने निष्पक्षता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व को पत्रकारिता का आधार बताते हुए विद्यार्थियों से निरंतर अध्ययन करने और तथ्यों के प्रति ईमानदार रहने का आह्वान किया।
वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. अमर कुमार जैन ने डिजिटल युग में बदलती मीडिया तकनीकों एवं सोशल मीडिया के दौर में पत्रकारिता के क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं की जानकारी दी। समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. प्रज्ञा दुबे ने संवेदनशील एवं जिम्मेदार पत्रकारिता पर बल दिया। भौतिकशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. नीलम सिंह ने मीडिया में तकनीकी दक्षता एवं संचार कौशल के समन्वय की आवश्यकता बताई।
प्रशिक्षण प्रभारी एवं हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. राना कुंजर सिंह ने प्रशिक्षण की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि 15 दिनों के दौरान विद्यार्थियों को समाचार लेखन, संपादन, रिपोर्टिंग, मीडिया भाषा एवं डिजिटल जर्नलिज्म का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कार्यक्रम का संचालन भी किया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. अवधेश प्रताप सिंह ने अतिथियों, प्राध्यापकों एवं प्रशिक्षणार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh #JansamparkMP #sagar
148 views | Sagar, Madhya Pradesh | Sep 5, 2026