*कलेक्ट्रेट जनसुनवाई में सीईओ जिला पंचायत ने सुने नागरिकों के आवेदन, अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश*
*जनसमस्याओं के निराकरण पर जोर, मौके पर हल होने वाले प्रकरणों का समाधान और शेष पर समयबद्ध कार्यवाही के निर्देश*
आज मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सीईओ जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसनुवाई में प्राप्त 37 आवेदनों पर की गई कार्यवाही की गई। जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना गया। सीईओ जिला पंचायत ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान निराकरण योग्य प्रकरणों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य आवेदनों पर आवश्यक कार्यवाही के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। जनसुनवाई में अपर कलेक्टर श्री जेपी यादव, संयुक्त कलेक्टर सुश्री भारती मेरावी, एसडीएम डिंडौरी श्री रामबाबू देवांगन, डिप्टी कलेकटर श्री अक्षय डिगरसे, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रियांशी जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जनसुनवाई में ग्राम अमरपुर निवासी श्रीमती कृष्णा सोनी ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि सिंचाई विभाग के अमरपुर स्थित भाखा बांध से समय पर पानी उपलब्ध नहीं होने के कारण उनकी धान की पूरी फसल नष्ट हो गई है। इससे उन्हें लगभग डेढ़ लाख रुपये की आर्थिक क्षति हुई है। उन्होंने फसल नुकसान का उचित मुआवजा दिलाने की मांग की। इस पर सीईओ जिला पंचायत ने कार्यपालन यंत्री, जल संसाधन विभाग को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार आवेदक श्री मनोज कुमार आर्मो ने बताया कि उनके पिता स्वर्गीय श्री प्रेमसिंह आर्मो जनपद पंचायत अमरपुर में पंचायत समन्वय अधिकारी के पद पर कार्यरत थे, जिनका 12 अगस्त 2026 को आकस्मिक निधन हो गया। इसके बाद भी उन्हें अनुकंपा नियुक्ति प्रदान नहीं की गई है। उन्होंने अनुकंपा नियुक्ति दिलाने की मांग की। इस पर संबंधित विभागीय अधिकारी को प्रकरण की जांच कर नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। ग्राम पंचायत सरसी रैयत, विकासखंड मेहंदवानी निवासी श्री सुकरत दास महंत ने ग्राम पंचायत चिरपोटी के अंतर्गत वर्ष 2022-23 में मेन रोड से धनेश्वर के घर तक निर्मित सीसी सड़क के कार्य की लंबित 81 हजार 500 रुपये की राशि का भुगतान कराने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर संबंधित अधिकारी को जांच कर भुगतान संबंधी समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
ग्राम भाजीटोला निवासी श्री बलभद्र सिंह ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि उनकी कब्जा एवं स्वामित्व की आबादी भूमि, ब्लॉक संख्या 22, भूखंड क्रमांक 98, रकबा 17 वर्गमीटर पर उनका मकान बना हुआ है। उक्त भूमि की स्वामित्व योजना के अंतर्गत श्री परसराम द्वारा कथित रूप से गलत तरीके से रजिस्ट्री कराए जाने की शिकायत करते हुए उन्होंने रजिस्ट्री निरस्त कर भूमि का पंजीयन अपने नाम से कराने की मांग की। इस पर नायब तहसीलदार समनापुर को प्रकरण की जांच कर नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में ग्राम पंचायत मनौरी, जनपद पंचायत अमरपुर के ग्रामवासियों ने शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय मनौरी के जर्जर भवन के स्थान पर नवीन शाला भवन स्वीकृत करने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय भवन अत्यंत जर्जर एवं जीर्ण-शीर्ण अवस्था में है, जिसमें वर्तमान में कक्षा 1 से 8 तक के लगभग 130 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए नवीन भवन स्वीकृत करने का अनुरोध किया गया। इस पर डीपीसी डिण्डौरी को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
*जनसुनवाई में नागरिकों को मिली स्वास्थ्य जांच की सुविधा*
जनसुनवाई में अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे नागरिकों के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। इस दौरान नागरिकों का रक्तचाप, मधुमेह सहित आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच के आधार पर आवश्यक परामर्श देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की जानकारी दी। जनसुनवाई के साथ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होने से नागरिकों को एक ही स्थान पर अपनी समस्याएं प्रस्तुत करने के साथ स्वास्थ्य जांच की सुविधा का लाभ भी मिला।
*जनसमस्याओं का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें अधिकारीः सीईओ जिला पंचायत*
सीईओ जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए उसका नियमानुसार परीक्षण करें तथा निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि नागरिकों को समय पर राहत मिल सके।
#PublicHearing #WeeklyPublicHearing #PublicGrievanceRedressal #CitizenServices #GrievanceRedressal #TimeBoundResolution #GoodGovernance #DistrictAdministration #HealthCheckup #PublicHealth #Dindori #DindoriDistrict #MadhyaPradesh #JansamparkDindori #CollectorDindori #DivyanshuChaudhary
Dindori, Madhya Pradesh | Nov 17, 2026