संत घाट के पास 9 लाख से अधिक की लागत से बन रहा सार्वजनिक शौचालय, महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने किया निरीक्षण
बेतिया। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 12 स्थित ऐतिहासिक संत घाट के सरकारी स्कूल के समीप आम लोगों की सुविधा के लिए सार्वजनिक शौचालय एवं मूत्रालय का निर्माण कराया जा रहा है। नगर निगम द्वारा स्वीकृत इस योजना पर करीब 9 लाख 566 रुपये की लागत आएगी। शनिवार को महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने कहा कि नगर निगम के पश्चिमी क्षेत्र में कराया जा रहा यह निर्माण कार्य जनस्वास्थ्य और स्वच्छता की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। सार्वजनिक शौचालय एवं मूत्रालय का निर्माण स्वच्छ भारत मिशन के निर्धारित मानकों को ध्यान में रखकर कराया जा रहा है। इसके पूरा होने के बाद संत घाट और आसपास के क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों को स्वच्छ एवं सुविधाजनक सार्वजनिक सुविधा उपलब्ध होगी। इसका विशेष लाभ विद्यार्थियों और आम नागरिकों को मिलेगा।
महापौर ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में संचालित विकास योजनाओं का उद्देश्य आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए योजनाओं के निर्माण में गुणवत्ता सुनिश्चित करना प्रशासन के साथ-साथ समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने नागरिकों और विशेषकर युवाओं से अपील की कि सार्वजनिक सुविधाओं को स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं। महापौर ने कहा कि नागरिकों की सक्रिय सहभागिता से ही विकास योजनाओं का लाभ लंबे समय तक आम लोगों तक पहुंचाया जा सकता है।