निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में सम्पन्न कराएं सारण शिक्षक निर्वाचन : जिला पदाधिकारी।
निर्वाचन की पारदर्शिता एवं मतपेटिकाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें।
बिहार विधान परिषद 03-सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन मतदान दलों की हुई विस्तृत ब्रीफिंग।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने दिए आवश्यक निर्देश।
बिहार विधान परिषद् के 03-सारण शिक्षक निर्वाचन 2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से आज समाहरणालय सभागार, बेतिया में जिला पदाधिकारी-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी, श्री तरनजोत सिंह, वरीय पुलिस अधीक्षक, बेतिया, श्री कुमार गौतम एवं पुलिस अधीक्षक, बगहा, श्री राजेश कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में ब्रीफिंग आयोजित की गई। इसमें प्रतिनियुक्त सुपर जोनल, जोनल एवं सेक्टर दंडाधिकारियों, पीठासीन पदाधिकारियों तथा संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को निर्वाचन संबंधी दायित्वों एवं आवश्यक दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया।
इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी, श्री तरनजोत सिंह ने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करते हुए सभी संबंधित पदाधिकारी पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता हर हाल में सुनिश्चित की जानी चाहिए। सभी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी आपसी समन्वय बनाए रखते हुए निर्वाचन कार्यों का सुचारू रूप से संचालन करें।
उन्होंने निर्देश दिया कि निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया का पूर्णतः पालन किया जाए। किसी भी प्रकार की समस्या अथवा अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल वरीय पदाधिकारियों को सूचित करते हुए नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मतदान समय पर प्रारंभ कराने, मतपेटिकाओं एवं मतपत्रों की समुचित सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा मतदान केन्द्रों पर निर्धारित नियमों का सख्ती से अनुपालन कराने पर विशेष जोर दिया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मतदान केन्द्र के अंदर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी तथा निर्धारित परिधि के भीतर अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक सुनिश्चित की जाए। उन्होंने ऑनलाइन रिपोर्टिंग एवं सूचनाओं के समयबद्ध अद्यतीकरण का निर्देश देते हुए कहा कि डिस्पैच सेंटर से प्रस्थान करने से पूर्व प्राप्त निर्वाचन सामग्री का चेकलिस्ट से अनिवार्य रूप से मिलान कर लिया जाए, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई उत्पन्न न हो।
उन्होंने पी-1, पी-2 एवं पी-3 मतदान कर्मियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उनके दायित्वों के समुचित निर्वहन पर बल दिया। साथ ही, मतदाता पहचान पत्रों के सत्यापन तथा मतदान के पश्चात मतपेटिकाओं को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जमा कराने सहित अन्य आवश्यक बिंदुओं पर विस्तृत निर्देश दिए। उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए निर्वाचन कार्य को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने की अपील की।
वरीय पुलिस अधीक्षक, बेतिया, श्री कुमार गौतम ने कहा कि निर्वाचन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही या चूक नहीं होनी चाहिए। सभी पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करें तथा अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करें।
वहीं, पुलिस अधीक्षक, बगहा, श्री राजेश कुमार ने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को निर्धारित समय पर अपने-अपने मतदान केन्द्रों पर पहुंचने तथा शांतिपूर्ण, स्वच्छ एवं भयमुक्त वातावरण में निर्वाचन सम्पन्न कराने का निर्देश दिया।
संयुक्त ब्रीफिंग में उप विकास आयुक्त, श्री काजले वैभव नितिन, अपर समाहर्ता, श्री राजीव रंजन सिन्हा, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, श्री अनिल कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन, श्री अमरेन्द्र कुमार, वरीय उप समाहर्ता, श्रीमती रोचना माद्री, उप निर्वाचन पदाधिकारी, श्री लालबहादुर राय, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, श्री सौरभ आलोक सहित अन्य संबंधित जिलास्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Election Commission of India
Chief Electoral Officer, Bihar