प्रेशर हॉर्न, बिना हेलमेट और बिना नंबर प्लेट दौड़ रही बाइक का ₹33 हजार का चालान, बाइक इंपाउंड
पंचकूला/ 05 सितंबर:- पंचकूला में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और नियमों के अनुरूप बनाए रखने के साथ-साथ शरारती तत्वों तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर पुलिस की लगातार नजर बनी हुई है। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के निर्देशानुसार पंचकूला पुलिस की टीमें लगातार फील्ड में सक्रिय रहकर ऐसे वाहनों की जांच कर रही हैं, जो यातायात नियमों का उल्लंघन करने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा के लिए भी खतरा बन सकते हैं।
सिटी ट्रैफिक एसएचओ वरिंदर कुमार की अगुवाई में एएसआई मनोज द्वारा चेकिंग के दौरान एक बाइक को जांच के लिए रोका। जांच करने पर बाइक में प्रेशर हॉर्न लगा हुआ पाया गया। बाइक चालक ने हेलमेट भी नहीं पहना था तथा बाइक पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी। पुलिस टीम ने यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करते हुए बाइक का कुल 33,000 रुपये का चालान किया और बाइक को इंपाउंड कर लिया।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए पंचकूला पुलिस द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने वाहनों में किसी भी प्रकार का अवैध मॉडिफिकेशन न करवाएं, प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल न करें तथा वाहन पर निर्धारित नंबर प्लेट अवश्य लगाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।