गांधी जयंती पर चितरंगी में चला व्यापक स्वच्छता अभियान
राज्यमंत्री ने महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर थामी झाड़ू, बाजार, मंदिर एवं शासकीय परिसरों में किया श्रमदान
सिंगरौली, 2 अक्टूबर 2026। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत चितरंगी मुख्यालय में व्यापक स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने भी महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।श्रद्धांजलि कार्यक्रम के पश्चात राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह ने स्वयं झाड़ू थामकर चितरंगी बाजार, मंदिर, विद्यालय एवं विभिन्न शासकीय परिसरों में श्रमदान करते हुए स्वच्छता अभियान में सहभागिता की। उन्होंने नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि स्वच्छता किसी एक विभाग अथवा व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
स्वच्छता अभियान में जनपद अध्यक्ष श्रीमती सिया दुलारी, महिला एवं बाल विकास सभापति श्रीमती सुषमा सिंह, उपखंड अधिकारी श्री देवेंद्र द्विवेदी, तहसीलदार श्री नागेश्वर पनिका, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री ललित वैरागी, पुलिस निरीक्षक श्री सुधेश तिवारी सहित मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की नवांकुर संस्थाओं, परामर्शदाताओं एवं प्रस्फुटन समितियों की टीम, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने भी श्रमदान करते हुए सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई की। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य महात्मा गांधी के स्वच्छता एवं सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण के लिए नागरिकों को प्रेरित करना रहा। इस दौरान नागरिकों से कचरा निर्धारित स्थान पर डालने, सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने की अपील की गई। अभियान में प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं आमजन की सहभागिता से स्वच्छता के प्रति सामूहिक संकल्प का संदेश दिया गया।
Singrauli, Madhya Pradesh | Oct 2, 2026