समाहरणालय,शेखपुरा
(जन सम्पर्क शाखा)
प्रेस विज्ञप्ति 719, दिनांक 12.11.2026 **********************
*पीएम सूर्य घर योजना की प्रगति को लेकर जिला पदाधिकारी ने की समीक्षा बैठक, लंबित आवेदनों के त्वरित निष्पादन का दिया निर्देश*
**********************
जिले में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना 'पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' के प्रभावी क्रियान्वयन एवं अधिक से अधिक योग्य लाभार्थियों को योजना से जोड़ने के उद्देश्य से आज दिनांक 12.11.2026 को जिला पदाधिकारी श्री शेखर आनंद की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी महोदय ने योजना की प्रखंडवार प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के सभी प्रखंडों में योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए अधिक से अधिक पात्र परिवारों को इससे आच्छादित किया जाए। इसके लिए आम लोगों को योजना की जानकारी उपलब्ध कराने तथा उन्हें आवेदन करने के लिए प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर दिया गया।
जिला पदाधिकारी महोदय ने स्पष्ट निर्देश दिया कि योजना के अंतर्गत प्राप्त सभी आवेदनों का निष्पादन निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। विभिन्न स्तरों पर लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लंबित कार्यों का यथाशीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया। साथ ही, जिन आवेदनों को लेकर बैंकों के स्तर पर अनावश्यक विलंब हो रहा है, उनकी जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
उन्होंने सभी बैंक शाखा प्रबंधकों को निर्देशित किया कि पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार त्वरित निष्पादन करें। यदि किसी आवेदन में कोई कमी या तकनीकी समस्या है तो उसका स्पष्ट कारण बताते हुए नियमानुसार कार्रवाई करें। अनावश्यक रूप से आवेदन लंबित रखने की स्थिति में संबंधित शाखा प्रबंधकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया गया।
इसके अतिरिक्त जिला पदाधिकारी महोदय ने सभी संवेदकों को निर्देश दिया कि उनके स्तर पर लंबित आवेदनों एवं संबंधित कार्यों की जांच कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अविलंब निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित विभाग एवं एजेंसियां आपसी समन्वय स्थापित कर निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति की दिशा में कार्य करें।
जिला पदाधिकारी महोदय ने योजना के प्रति आमजनों में जागरूकता बढ़ाने, अधिकाधिक आवेदन प्राप्त करने तथा आवेदन से लेकर योजना के लाभ उपलब्ध कराने तक की पूरी प्रक्रिया को सुचारू एवं समयबद्ध बनाने पर विशेष बल दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त, कार्यपालक अभियंता विद्युत, सहायक योजना पदाधिकारी, एबीपी फेलो, सहायक अभियंता विद्युत, सभी कनीय अभियंता (जूनियर इंजीनियर) एवं संबंधित संवेदक सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
District Administration Sheikhpura
#samratchoudhary
#CMSamrat
Sheikhpura, Bihar | Nov 12, 2026