➡️ मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर जिले के आईटीआई प्रशिक्षणार्थियों का गौरवपूर्ण सम्मान
➡️ राष्ट्रीय स्तर एवं जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को मिला सम्मान
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के गौरवशाली अवसर पर जिले में कौशल विकास एवं व्यावसायिक शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियाँ हासिल करने वाले आईआईटी प्रशिक्षणार्थियों को प्रतिभा सम्मान प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शासकीय एकलव्य महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था, बैतूल एवं शासकीय नोडल औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था, बैतूल के प्रतिभाशाली प्रशिक्षणार्थियों ने अपनी उपलब्धियों से जिले का नाम गौरवान्वित किया।
शासकीय एकलव्य महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था, बैतूल के Floriculture and Landscaping व्यवसाय सत्र 2025-26 की प्रशिक्षणार्थी कुमारी रानी ने कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के अंतर्गत आयोजित अखिल भारतीय व्यवसायिक परीक्षा (AITT-2026), CTS में ऑल इंडिया स्तर पर ओवरऑल श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, इसी व्यवसाय के प्रशिक्षणार्थी श्री आयुष इवने ने पुरुष श्रेणी में ऑल इंडिया स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले एवं संस्था को गौरवान्वित किया।
इसी क्रम में शासकीय नोडल औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था, बैतूल के प्रशिक्षणार्थी श्री कमलेश सलामे ने भगवान श्री कृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत श्री कृष्ण पाथेय न्यास एवं मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित निबंध प्रतियोगिता में बैतूल जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए ₹1,00,000 (एक लाख रुपये) का नगद पुरस्कार हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि ने जिले की प्रतिभा एवं शैक्षणिक उत्कृष्टता का परिचय दिया।
इन तीनों प्रतिभाशाली प्रशिक्षणार्थियों को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर जे.एच. कॉलेज, बैतूल के ऑडिटोरियम में आयोजित सम्मान समारोह में बैतूल विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल, आमला विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री योगेश पण्डाग्रे, घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती गंगाबाई उइके एवं बैतूल जिले के कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों के करकमलों से प्रतिभा सम्मान प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस उपलब्धि पर जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन द्वारा प्रशिक्षणार्थियों की मेहनत, लगन और प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दी गईं। यह उपलब्धि जिले में संचालित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, कौशल विकास एवं प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का सुखद परिणाम है।
इस अवसर पर शासकीय एकलव्य महिला आईटीआई, बैतूल के प्राचार्य श्री अजीश पन्द्रे, नोडल प्राचार्य श्री शुभम वानखेड़े, प्रशिक्षण अधीक्षक श्री लीलाधर कुंभारे, श्री सुभाष परते, श्री हरिराम यादव, प्रशिक्षण अधिकारी श्री विवेक दायमा, श्री नरेंद्र अंबुलकर सहित संस्था के समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।
➡️ संस्था परिवार के लिए गौरव का क्षण
तीनों प्रशिक्षणार्थियों की यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत परिश्रम एवं समर्पण का परिणाम है, बल्कि जिले की व्यावसायिक शिक्षा व्यवस्था और कौशल विकास संस्थानों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। इनकी सफलता से अन्य प्रशिक्षणार्थियों को भी अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने तथा राष्ट्रीय एवं जिला स्तर पर अपनी पहचान बनाने की प्रेरणा मिलेगी। शासकीय एकलव्य महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था, बैतूल परिवार ने सभी सम्मानित प्रशिक्षणार्थियों को हार्दिक बधाई एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएँ प्रेषित की हैं।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Skill Development, Madhya Pradesh
#मध्यप्रदेश_स्थापना_दिवस
#MPFoundationDay
#JansamparkMP
#बैतूल
#betul
Betul, Madhya Pradesh | Nov 2, 2026