चकिया: नीट पेपर लीक के विरोध में चकिया में जुटने की तैयारी, पुलिस की सक्रियता से टला प्रदर्शन
LIU की सूचना पर कई थानों की पुलिस रही अलर्ट, छात्रों को समझाकर शांत कराया गया
चकिया, चंदौली।
देशभर में नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर चल रहे विरोध-प्रदर्शनों के बीच चंदौली जनपद के चकिया कस्बे में भी छात्रों द्वारा प्रदर्शन की तैयारी की गई थी। बताया जाता है कि एक दिन पूर्व सोशल मीडिया के माध्यम से छात्रों से एकजुट होकर विरोध-प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया गया था।
सूचना मिलते ही स्थानीय अभिसूचना इकाई (LIU) और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया। एहतियात के तौर पर कई थानों की पुलिस फोर्स को चकिया नगर के प्रमुख स्थानों पर तैनात कर दिया गया। क्षेत्राधिकारी (सीओ) अजीत चौहान, प्रभारी निरीक्षक अर्जुन सिंह तथा भारी पुलिस बल आदित्य नारायण राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान पहुंचे, जहां मौजूद छात्रों से बातचीत कर उन्हें शांतिपूर्वक अपनी बात रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई।
पुलिस की समझाइश के बाद छात्रों ने प्रस्तावित प्रदर्शन समाप्त कर दिया। इस दौरान छात्रों के पास मौजूद शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के विरोध में लिखे गए नारे वाले पोस्टर और तख्तियां पुलिस ने अपने कब्जे में ले लीं।
पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को स्पष्ट रूप से हिदायत दी कि बिना अनुमति किसी भी प्रकार का प्रदर्शन या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाला कदम उठाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी से शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई।
पूरे घटनाक्रम के दौरान कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर तैनात रही और स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण बनी रही।